IPL 2026, क्वालीफायर-1: इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिल सकती है जोरदार टक्कर
क्या है खबर?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस (GT) से होगा। यह मुकाबला मंगलवार को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों ने लीग चरण में 14 मैचों से 18 अंक हासिल किए थे, लेकिन बेहतर नेट रन रेट (NRR) के कारण RCB शीर्ष स्थान पर रही। ऐसे में आइए उन खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं, जिनके बीच मुकाबले में कांटे की टक्कर हो सकती है।
#1
विराट कोहली बनाम कगिसो रबाडा
इस सीजन दोनों टीमों के बीच पहले लीग मुकाबले में विराट कोहली की 81* रन की पारी ने RCB को जीत दिलाई थी। RCB और GT के अगले मुकाबले में कगिसो रबाडा ने चौथे ओवर में कोहली को 28 रन पर आउट किया था। ऐसे में इस बड़े मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों की भिडंत दिलचस्प रहने वाली है। रबाडा टी-20 की 16 पारियों में कोहली को 5 बार आउट कर चुके हैं। कोहली की स्ट्राइक रेट 140.5 की रही है।
#2
रजत पाटीदार बनाम राशिद खान
स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले RCB के कप्तान रजत पाटीदार बीच के ओवरों में राशिद खान को चुनौती दे सकते हैं। IPL में दोनों खिलाड़ियों की पिछली भिडंत की बात करें तो इस बल्लेबाज ने उनके खिलाफ बिना आउट हुए 172.72 की स्ट्राइक रेट से 19 रन बनाए थे। ऐसे में इस बड़े मुकाबले के नतीजे को तय करने में दोनों खिलाड़ियों के बीच की यह जंग अहम साबित हो सकती है।
#3
भुवनेश्वर कुमार बनाम शुभमन गिल
RCB के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार इस सीजन में शानदार लय में हैं और उन्होंने लीग चरण में 24 विकेट लिए। तेज गेंदबाज ने अहमदाबाद में GT के कप्तान शुभमन गिल को भी अपना शिकार बनाया था। पावरप्ले में दोनों खिलाड़ियों के बीच की टक्कर मैच की दिशा तय कर सकती है। भुवनेश्वर ने IPL की 13 पारियों में गिल को कुल 5 बार आउट किया है। इस दौरान गिल की स्ट्राइक रेट केवल 106.66 की रही है।
#4
जोस बटलर बनाम क्रुणाल पांड्या
जोस बटलर इस सत्र में GT के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की है। वहीं, क्रुणाल पांड्या बीच के ओवरों में RCB के प्रमुख गेंदबाज रहे हैं। ऐसे में बटलर और क्रुणाल के बीच की टक्कर पर सभी की नजर रहेगी। IPL में 5 मुकाबलों के दौरान इंग्लैंड के बल्लेबाज ने बिना आउट हुए क्रुणाल के खिलाफ 164.1 की स्ट्राइक रेट से 64 रन बनाए हैं।