IPL 2026: PBKS बनाम GT मुकाबले का प्रीव्यू और अहम आंकड़े, जानिए कैसी होगी पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के चौथे मुकाबले में मंगलवार (31 मार्च) को पंजाब किंग्स (PBKS) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होगा। ये मुकाबला महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम (मुल्लांपुर) में खेला जाएगा। PBKS इस संस्करण पहली बार ट्रॉफी जितने के इरादे से उतरेगी। IPL 2025 में वह फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हार गई थी। वहीं, शुभमन गिल की कप्तानी में GT भी इस बार बेहतर करना चाहेगी। पिछले संस्करण वह प्लेऑफ से बाहर हुई थी।
हेड-टू-हेड
दोनों टीमों के बीच बराबरी का रहा है मुकाबला
IPL के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान GT ने 3 और PBKS ने भी 3 मैच अपने नाम किए हैं। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच एक भिड़ंत हुई थी। उस मैच को PBKS ने 11 रन से अपने नाम किया था। IPL 2024 में दोनों टीमों ने 2 मैच खेले थे। एक मैच PBKS ने जीता था और एक मैच GT अपने नाम करने में सफल रही थी।
संयोजन
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है PBKS की टीम
PBKS की बल्लेबाजी इस संस्करण काफी शानदार नजर आ रही है। टीम के पास ऐसे बल्लेबाज हैं जो पहले ओवर से ही आक्रामक बल्लेबाजी करने को देखेंगे। वहीं, स्पिन गेंदबाजी की कमान एक बार फिर युजवेंद्र चहल के कंधों पर होगी। अर्शदीप सिंह तेज गेंदबाजी की अगुवाई करते नजर आएंगे। PBKS की संभावित एकादश: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, नेहल वढेरा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसन, अर्शदीप सिंह, वैशाख विजय कुमार और युजवेंद्र चहल।
प्लेइंग इलेवन
इस प्लेइंग इलेवन के साथ नजर आ सकती है GT
इस बार भी GT के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और साई सुदर्शन हो सकते हैं। जोस बटलर नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आएंगे। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के कंधों पर तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी होगी। वहीं, राशिद खान और साई किशोर अपनी स्पिन गेंदबाजी से PBKS के बल्लेबाजों को परेशान करेंगे। GT की संभावित एकादश: शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, साई किशोर, जेसन होल्डर, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
PBKS: हरप्रीत बरार, कूपर कॉनॉली, मुशीर खान और विष्णु विनोद। GT: शाहरुख खान, कगिसो रबाडा, अरशद खान और ग्लेन फिलिप्स।
पिच
कैसा है पिच का मिजाज?
यादविंद्र सिंह स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से मिट्टी की होने की जगह रेत से तैयार की गई है। इससे यहां स्पिनरों के मुकाबले तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। इसी तरह इस पिच पर बल्लेबाज और गेंदबाजों के लिए समान अवसर होते हैं। हालांकि, बल्लेबाजों के लिए रन बनाने के लिए अपनी नजरें जमानी होती है। ऐसे में इस मैदान पर एक मजेदार मुकाबला देखने को मिल सकता है।
जानकारी
ऐसा रहेगा मुल्लांपुर का मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 31 मार्च को मुल्लांपुर का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना एकदम नहीं है। ऐसे में एक अच्छा मैच देखने मिल सकता है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
प्रभसिमरन ने पिछले 10 मुकाबलों में 158.72 की स्ट्राइक रेट से 373 रन बनाए हैं। श्रेयस के बल्ले से पिछले 10 मैच में 162.91 की स्ट्राइक रेट से 347 रन निकले हैं। शुभमन ने पिछले 10 मैचों में 55.78 की औसत से 502 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप ने पिछले 9 मैच में 9.09 की इकॉनमी से 11 विकेट चटकाए हैं। प्रसिद्ध ने पिछले 10 मैचों में 8.85 की इकॉनमी से 17 विकेट अपने नाम किए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
PBKS और GT के बीच यह मुकाबला 31 मार्च को चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम (मुल्लांपुर) में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।