IPL 2026, PBKS बनाम GT: इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिलेगी जोरदार टक्कर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के चौथे मुकाबले में 31 मार्च को पंजाब किंग्स (PBKS) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होगा। यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों की खेल शैली एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है, जिससे यह मैच और भी दिलचस्प होगा। मुकाबले में कई खिलाड़ियों के बीच टक्कर देखने को मिल सकती है। ऐसे में आइए उन आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
#1
जोस बटलर बनाम अर्शदीप सिंह
GT के बल्लेबाज जोस बटलर का टी-20 विश्व कप 2026 में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन लीग में उनके आंकड़े PBKS के खिलाफ राहत देने वाले हैं। दूसरी ओर अर्शदीप सिंह PBKS के प्रमुख तेज गेंदबाज रहे हैं और शुरुआती ओवरों में वह बटलर के लिए खतरा साबित हो सकते हैं। 9 टी-20 पारियों में अर्शदीप एक बार ही बटलर को आउट कर सके हैं, जबकि बटलर ने उनके खिलाफ 166.66 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है।
#2
श्रेयस अय्यर बनाम मोहम्मद सिराज
हाल के समय में श्रेयस अय्यर ने छोटे प्रारूप में अपनी बल्लेबाजी में काफी सुधार दिखाया है, लेकिन विरोधी टीमें अब भी उन्हें छोटी और शॉर्ट गेंदों से परखना पसंद करती हैं। GT के मोहम्मद सिराज अपनी तेज और उछाल भरी गेंदों से इसी कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। आंकड़ों के अनुसार, 10 पारियों में सिराज ने अय्यर को 2 बार पवेलियन भेजा है, जबकि इस भिड़ंत में पंजाब के कप्तान की स्ट्राइक रेट 131.42 की रही है।
#3
प्रभसिमरन सिंह बनाम प्रसिद्ध कृष्णा
IPL 2025 में प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य की सलामी जोड़ी ने PBKS को कई मुकाबलों में शानदार शुरुआत दिलाई थी। दोनों ने कई मैच जिताने वाली साझेदारियां कीं और टीम की ताकत बनकर उभरे। इस बार उनके सामने लंबे कद के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की चुनौती होगी, जिन्होंने पिछले सत्र सर्वाधिक विकेट लिए थे। आंकड़ों के अनुसार, प्रसिद्ध ने प्रभसिमरन को 1 बार आउट किया है, जबकि उन्होंने उनकी 11 गेंदों पर 14 रन बनाए हैं।