IPL 2026: MI बनाम LSG मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी मुंबई की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 47वां मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच 4 मई को खेला जाएगा। दोनों टीमों का प्रदर्शन इस संस्करण बेहद खराब रहा है। LSG ने सिर्फ 2 मुकाबले जीते हैं और 6 मैच में उसे हार मिली है। MI ने भी 2 मैच जीते हैं और उसने 7 हार झेली है। ऐसे में आइए मैच से जुड़ी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
MI के खिलाफ LSG का पलड़ा रहा है भारी
IPL में दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले हुए हैं। LSG को इस दौरान 6 मुकाबलों में जीत मिली है। MI की टीम सिर्फ 2 मैच ही अपने नाम करने में सफल हो पाई है। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबले हुए थे। एक मैच LSG ने 12 रन से जीता था। वहीं, दूसरे मुकाबले में MI को 54 रन से जीत मिली थी। इस संस्करण दोनों टीमें पहली बार एक दूसरे के सामने होंगी।
MI
इस संयोजन के साथ उतर सकती है MI
MI को पिछले मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ 8 विकेट से हार मिली थी। मुकाबले में सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे स्टार खिलाड़ी कुछ खास नहीं कर पाए थे। ऐसे में LSG के खिलाफ ये खिलाड़ी हर हाल में अपना खोया हुआ लय हासिल करना चाहेंगे। संभावित एकादश: विल जैक्स, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, ट्रेंट बोल्ट, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह और अल्लाह गजनफर।
LSG
ऐसी हो सकती है LSG की प्लेइंग इलेवन
LSG की टीम से जोश इंग्लिश जुड़ गए हैं। ऐसे में उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। ये खिलाड़ी अपनी शानदार बल्लेबाजी से मैच पलटने का हुनर रखता है। वहीं, खराब फॉर्म में चल रहे ऋषभ पंत और निकोलस पूरन इस मैच में हर हाल में बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। संभावित एकादश: जोश इंग्लिश, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, जॉर्ज लिंडे, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, दिग्वेश सिंह राठी और मोहसिन खान।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
MI: राज बावा, रघु शर्मा, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर और अश्वनी कुमार। LSG: हिम्मत सिंह, अक्षत रघुवंशी, अब्दुल समद, आवेश खान और मणिमारन सिद्धार्थ।
पिच रिपोर्ट
कैसा है वानखेड़े स्टेडियम की पिच का मिजाज?
वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। यहां की पिच उन्हें काफी रास आती है। यहां की सीमा रेखा अन्य स्टेडियम के मुकाबले थोड़ी छोटी है। दूसरी ओर एक गेंदबाज के नजरिये से पिच स्पिनरों को कुछ हद तक सहायता प्रदान करती है, लेकिन ज्यादा उम्मीद रखना बेमानी होगी। तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवर में मदद मिलती है, ऐसे में वह जल्दी विकेट लेना चाहेंगे। हाउस्टेट के मुताबिक, यहां पहली पारी का औसत स्कोर 171 रन है।
जानकारी
ऐसा रहेगा मुंबई का मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 4 मई को मुंबई का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 29 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
रिकेल्टन ने पिछले 7 मुकाबलों में 177.84 की स्ट्राइक रेट से 297 रन बनाए हैं। नमन के बल्ले से पिछले 10 मैच में 153.4 की स्ट्राइक रेट से 270 रन निकले हैं। मार्श ने पिछले 10 मैचों में 39.6 की औसत से 396 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में गजनफर ने पिछले 7 मैच में 9.5 की इकॉनमी से 11 विकेट चटकाए हैं। प्रिंस ने पिछले 8 मैचों में 8.07 की इकॉनमी से 13 विकेट अपने नाम किए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
MI और LSG के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में 4 मई को रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।