IPL 2026: LSG बनाम DC मुकाबले का प्रीव्यू और अहम आंकड़े, जानिए कैसी होगी पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 5वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें पिछले संस्करण में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। ऐसे में वह IPL 2026 में जीत के साथ आगाज करना चाहेंगे। LSG की कमान ऋषभ पंत संभालेंगे और DC के कप्तान अक्षर पटेल होंगे। ऐसे में आइए मैच से जुड़ी सभी जरूरी बातों पर एक नजर डाल लेते हैं।
हेड-टू-हेड
LSG के खिलाफ DC का पलड़ा रहा है भारी
IPL में दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान DC को 4 मुकाबलों में जीत मिली है। LSG ने 3 मैच अपने नाम किए हैं। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबले हुए थे। DC ने इन दोनों मुकाबलों में जीत हासिल की थी। IPL 2024 में भी दोनों की 2 बार भिड़ंत हुई थी और DC ने सभी मैच जीते थे। LSG को आखिरी बार IPL 2023 में DC के खिलाफ जीत मिली थी।
प्लेइंग इलेवन
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है LSG
LSG के शीर्षक्रम में मिचेल मार्श, एडेन मार्करम और पंत जैसे बल्लेबाज हैं जो किसी भी मैच को अपनी बल्लेबाजी से पलट सकते हैं। टीम की तेज गेंदबाजी भी काफी मजबूत है। एनरिक नोर्खिया और मोहम्मद शमी जैसे तेज गेंदबाज किसी भी बल्लेबाजी क्रम को परेशान कर सकते हैं। LSG की संभावित एकादश: मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयूष बडोनी, अब्दुल समद, एनरिक नोर्खिया, मोहम्मद शमी, आवेश खान, मयंक यादव और दिग्वेश राठी।
एकादश
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है DC
DC की टीम को LSG हल्के में लेना नहीं चाहेगी। पथुम निसांका, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर और लुंगी एनगिडी उनके विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। सलामी बल्लेबाज के रूप में केएल राहुल के साथ निसांका नजर आ सकते हैं। आकिब नबी को पहले मुकाबले में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। DC की संभावित एकादश: पथुम निसांका, केएल राहुल, नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव और आकिब नबी।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
DC: समीर रिजवी, पृथ्वी शॉ, मुकेश कुमार और टि नटराजन। LSG: हिम्मत सिंह, अर्शिन कुलकर्णी, अर्जुन तेंदुलकर और शाहबाज अहमद।
पिच
कैसा है पिच का मिजाज?
इकाना स्टेडियम की पिच का निर्माण काली मिट्टी से किया गया है। इस पर स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। यहां शुरुआत में तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलती है, लेकिन समय निकलने के साथ-साथ स्पिनर्स हावी होने लगते हैं। पिछले संस्करण में यहां बल्लेबाजी भी काफी अच्छी हुई थी। पहले 200+ के स्कोर बनने मुश्किल होते थे, लेकिन अब यहां खूब रन भी बनते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 172 रन है।
जानकारी
ऐसा रहेगा लखनऊ का मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 1 अप्रैल को लखनऊ का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना एकदम नहीं है। ऐसे में एक अच्छा मैच देखने मिल सकता है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
मार्श ने पिछले 9 मुकाबलों में 155.98 की स्ट्राइक रेट से 443 रन बनाए हैं। मार्करम के बल्ले से पिछले 9 मैच में 153.98 की स्ट्राइक रेट से 348 रन निकले हैं। राहुल ने पिछले 10 मैचों में 44.25 की औसत से 354 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में आवेश ने पिछले 10 मैच में 10.24 की इकॉनमी से 11 विकेट चटकाए हैं। कुलदीप ने पिछले 9 मैचों में 7.77 की इकॉनमी से 7 विकेट अपने नाम किए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
LSG और DC के बीच यह मुकाबला 1 अप्रैल को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।