IPL 2026, LSG बनाम DC: इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिलेगी जोरदार टक्कर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 5वां मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) आमने-सामने होंगी। यह मैच 1 अप्रैल को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों का इस सीजन यह पहला मुकाबला होगा, ऐसे में जीत के साथ आगाज करने का दबाव रहेगा। मैच में कई खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिल सकते हैं, जो इस टक्कर को और भी रोमांचक बनाएंगे।
#1
केएल राहुल बनाम मोहम्मद शमी
DC के कप्तान अक्षर पटेल ने पुष्टि की है कि IPL 2026 में केएल राहुल पारी की शुरुआत करेंगे। ऐसे में मुकाबले की शुरुआत से ही उनकी टक्कर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी से देखने को मिल सकती है, जो खुद को साबित करने के इरादे से उतरेंगे। टी-20 की 5 पारियों में शमी ने राहुल को 2 बार आउट किया है। इस दौरान राहुल की स्ट्राइक रेट 122.85 की रही है, जिससे यह मुकाबला बेहद दिलचस्प बन गया है।
#2
ऋषभ पंत बनाम कुलदीप यादव
लखनऊ में पूर्व साथी ऋषभ पंत और कुलदीप यादव के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। कुलदीप, DC में पंत की कप्तानी में खेल चुके हैं। हालांकि, टी-20 आंकड़े बताते हैं कि इस भिड़ंत में कुलदीप का पलड़ा भारी रहा है। आंकड़ों के अनुसार 5 टी-20 मुकाबलों में कुलदीप ने पंत को 3 बार आउट किया है। इस दौरान LSG के बल्लेबाज पंत सिर्फ 2 छक्के ही लगा सके हैं और उनकी स्ट्राइक रेट महज 92 की है।
#3
अक्षर पटेल बनाम निकोलस पूरन
DC के कप्तान अक्षर और निकोलस पूरन के बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प हो सकता है। पूरन इस समय शानदार फॉर्म में हैं और बड़े शॉट्स के लिए जाने जाते हैं। आंकड़े बताते हैं कि टी-20 क्रिकेट में अक्षर अब तक पूरन को आउट नहीं कर पाए हैं। पूरन ने अक्षर के खिलाफ सिर्फ 18 गेंदों में 63 रन मारे हैं, इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 350 की रही है। जो इस भिड़ंत को खास बनाता है।