IPL 2026: केएल राहुल ने टूर्नामेंट में 50वां 50+ का स्कोर बनाया, हासिल की ये उपलब्धि
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने शानदार अर्धशतकीय पारी (56) खेली। ये उनके IPL करियर का 44वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 34 गेंदों में पूरा किया। ये IPL में उनका 50वां 50+ का स्कोर भी रहा। उनके बल्ले से 6 शतक भी निकले हैं। इस सीजन राहुल ने अपना चौथा अर्धशतक लगाया। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
पारी
ऐसी रही राहुल की पारी
राहुल ने 42 गेंदों में 56 रन बनाए। उनके बल्ले से एक चौका और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 133.33 की रही। अपनी पारी के दौरान उन्होंने IPL 2026 में अपने 500 रन भी पूरे किए। वह लीग में निरंतर रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। राहुल ने पहले विकेट के लिए अभिषेक पोरेल के साथ मिलकर 61 गेंदों में 105 रन की साझेदारी निभाई। मैच में DC को 5 विकेट से जीत मिली।
रन
8 बार 500+ रन बनाए राहुल ने
इस 56 रन की पारी के साथ राहुल ने IPL 2026 में 13 मैचों में 44.41 की औसत से 533 रन पूरे कर लिए हैं। उनके बल्ले से एक शतक और 4 अर्धशतक निकले हैं। राहुल ने 8वीं बार IPL के एक सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ विराट कोहली हैं, जिन्होंने 9 बार यह उपलब्धि हासिल की है। राहुल ने डेविड वॉर्नर के 7 बार के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
उपलब्धि
लगातार तीसरे सीजन राहुल ने जड़े 500 से ज्यादा रन
राहुल ने लगातार तीसरे सीजन 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। इससे पहले उन्होंने 2024 और 2025 में भी यह उपलब्धि हासिल की थी। खास बात यह है कि राहुल 2018 से 2022 तक लगातार 5 सीजन में भी 500+ रन बना चुके हैं। वह IPL इतिहास के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हैं, जिन्होंने 3 अलग-अलग टीमों (पंजाब किंग्स (PBKS), लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और DC के लिए एक सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं।
50
राहुल ने ये बड़ी उपलब्धि हासिल की
राहुल IPL इतिहास में 50 या उससे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। उनके नाम अब 44 अर्धशतक और 6 शतक दर्ज हैं। IPL में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड कोहली (76) के नाम है। इसके बाद वार्नर (66), शिखर धवन (53) और रोहित शर्मा (51) का नंबर आता है। राहुल ने अपनी लगातार शानदार बल्लेबाजी से इस खास सूची में जगह बनाई है।