LOADING...
IPL 2026: केविन पीटरसन ने कैमरून ग्रीन की खराब फॉर्म पर उठाए सवाल
क्या कैमरून ग्रीन के लिए नंबर-3 सही है?

IPL 2026: केविन पीटरसन ने कैमरून ग्रीन की खराब फॉर्म पर उठाए सवाल

लेखन Manoj Panchal
Apr 07, 2026
09:43 am

क्या है खबर?

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कैमरून ग्रीन के खराब प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। ऑलराउंडर ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने नीलामी में 25.2 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत में खरीदा था, लेकिन अब तक वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। पहले 3 मैचों में उन्होंने सिर्फ 24 रन बनाए हैं और एक ओवर भी गेंदबाजी नहीं की है।

बयान

ग्रीन नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए अच्छे विकल्प नहीं- पीटरसन

हाल ही में जियोस्टार से बातचीत में पीटरसन ने ग्रीन की बल्लेबाजी के नंबर पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "मैं पैसों (नीलामी की कीमत) की बात नहीं करूंगा, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए अच्छे विकल्प हैं।" पीटरसन के अनुसार, ग्रीन एक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं जो थोड़ी बहुत गेंदबाजी कर सकते हैं, लेकिन उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी देना सही फैसला नहीं है।

आंकड़े 

जारी है ग्रीन की खराब फॉर्म

ग्रीन इस सीजन में 2 बार नंबर-3 और एक बार नंबर-4 पर बल्लेबाजी कर चुके हैं, लेकिन उनके स्कोर केवल 18, 2 और 4 रहे हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। उन्होंने इस साल 7 मैचों में केवल 117 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में भी ज्यादा योगदान नहीं दिया है। पीठ (लोअर बैक) की चोट के कारण क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें कुछ दिन गेंदबाजी करने से रोका हुआ है।

Advertisement

विकल्प 

टीम के पास क्या हैं विकल्प?

KKR के पास ग्रीन की जगह रचिन रविंद्र, टिम सीफर्ट या रोवमैन पॉवेल को शामिल करने का विकल्प है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय बांगर का मानना है कि अगर ग्रीन गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं, तो वह सिर्फ बल्लेबाज के रूप में टीम में फिट नहीं बैठते। उन्होंने पॉवेल को KKR के लिए बेहतर विकल्प बताया। पॉवेल एक टी-20 विशेषज्ञ बल्लेबाज हैं और मैच जिताने की क्षमता रखते हैं, जिससे टीम को मजबूती मिल सकती है।

Advertisement