LOADING...
IPL 2026, एलिमिनेटर: इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिल सकती है जोरदार टक्कर
जोफ्रा आर्च इस मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026, एलिमिनेटर: इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिल सकती है जोरदार टक्कर

May 26, 2026
05:27 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिलेगा। यह मैच बुधवार को महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम (मुल्लांपुर) में खेला जाएगा। दोनों टीमों में कई मैच विजेता खिलाड़ी मौजूद हैं, ऐसे में मुकाबला बेहद रोमांचक रहने की उम्मीद है। ऐसे में आइए उन खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं जिनके बीच मैच में भिड़ंत देखने को मिल सकती है।

#1

वैभव सूर्यवंशी बनाम पैट कमिंस

वैभव सूर्यवंशी RR की उम्मीदों के सबसे बड़े आधार होंगे। उन्होंने इस सीजन 232.27 की स्ट्राइक रेट से 583 रन बनाए हैं। IPL 2026 में उनका इकलौता शतक SRH के खिलाफ ही आया था। ऐसे में SRH की टीम दोबारा उनका आक्रामक रूप नहीं देखना चाहेगी। कप्तान पैट कमिंस पर पावरप्ले में इस 15 वर्षीय बल्लेबाज को चुनौती देने की जिम्मेदारी होगी। सूर्यवंशी के शतक वाले मैच में कमिंस ने 4 ओवर में 1/27 के आंकड़े दर्ज किए थे।

#2

डोनोवन फरेरा बनाम साकिब हुसैन 

सूर्यवंशी ने शीर्ष क्रम में RR को मजबूती दी है तो डोनोवन फरेरा ने फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई है। उन्होंने इस सीजन 170.06 की स्ट्राइक रेट से 267 रन बनाए हैं। दूसरी ओर SRH के लिए डेथ ओवरों में साकिब हुसैन ने अच्छी गेंदबाजी की है। ऐसे में वह फरेरा को रोकने की कोशिश करेंगे। इस सीजन फरेरा ने साकिब के खिलाफ 13 गेंदों में 28 रन बनाए हैं, वह उनसे एक बार आउट भी हुए हैं।

Advertisement

#3

अभिषेक शर्मा बनाम जोफ्रा आर्चर 

RR की टीम SRH के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को रोकने के लिए काफी हद तक जोफ्रा आर्चर पर निर्भर रहेगी। इस सीजन नई गेंद से शानदार प्रदर्शन करने वाले आर्चर ने पिछले महीने हैदराबाद में दोनों टीमों की भिडंत में अभिषेक को गोल्डन डक पर आउट किया था। हालांकि, टी-20 क्रिकेट में अभिषेक ने आर्चर के खिलाफ 35 गेंदों में 62 रन बनाए हैं। आर्चर उन्हें 7 पारियों में सिर्फ एक बार ही आउट कर सके हैं।

Advertisement

#4

हेनरिक क्लासेन बनाम रविंद्र जडेजा 

हेनरिक क्लासेन इस सीजन लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वह हाल ही में किसी टी-20 सीरीज या टूर्नामेंट में नंबर 4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए 600 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर क्लासेन की रविंद्र जडेजा के साथ भिडंत दिलचस्प रहने वाली है। टी-20 क्रिकेट में क्लासेन ने जडेजा के खिलाफ 26 गेंदों में 33 रन बनाए हैं, जबकि वह एक बार आउट हुए हैं।

Advertisement