IPL 2026: CSK बनाम SRH मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी चेन्नई की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 63वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगा। प्लेऑफ की दौड़ के लिहाज से दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम रहने वाला है। ऐसे में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। SRH ने 7 मुकाबले जीते हैं और 5 में हार का सामना किया है। वहीं, CSK को 6 जीत और 6 हार मिली हैं। आइए मैच से जुड़ी अहम बातों पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
SRH के खिलाफ CSK का पलड़ा रहा है भारी
IPL में दोनों टीमों के बीच 23 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान CSK को 15 मैच में जीत मिली है। वहीं, SRH सिर्फ 8 मैच अपने नाम करने में सफल हुई है। इस संस्करण दोनों टीमों के बीच ये दूसरा मुकाबला होगा। पहले मैच में SRH को 10 रन से जीत मिली थी। IPL 2025 का एकमात्र मैच भी SRH ने 5 विकेट से अपे नाम किया था। CSK को इस टीम के खिलाफ आखिरी जीत 2024 में मिली थी।
प्लेइंग इलेवन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है CSK
CSK को पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ 7 विकेट से हार मिली थी। ऐसे में वह उस हार को भूलाकर आगे बढ़ना चाहेगी। खराब फॉर्म में चल रहे डेवाल्ड ब्रेविस इस मैच में बेहतर प्रदर्शन करने को देखेंगे। वहीं, कप्तान रुतुराज गायकवाड़ से भी बड़ी पारी की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन ओर मुकेश चौधरी।
टीम
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है SRH
SRH को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ पिछले मैच में 82 रन से बड़ी हार मिली थी। टीम 14.5 ओवर में केवल 86 रन पर ऑलआउट हो गई थी। ऐसे में ईशान किशन और अभिषेक शर्मा जैसे बल्लेबाजों से जोरदार पारी की उम्मीद होगी। हेनरिक क्लासेन भी मध्यक्रम में बेहतर करना चाहेंगे। संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, नितीश रेड्डी, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
SRH: ट्रेविस हेड, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, हर्षल पटेल और हर्ष दुबे। CSK: गुरजपनीत सिंह, अकील हुसैन, सरफराज खान, मैथ्यू शॉर्ट और मैट हेनरी।
पिच रिपोर्ट
कैसा रहेगा पिच का मिजाज?
चेन्नई की पिच लाल मिट्टी से बनी है जो आमतौर पर स्पिनरों को मदद करती है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवरों में तेज गेंदबाजों को फायदा मिलता है। यहां की विकेट अमूमन सूखी और सख्त होती है जो मैच आगे बढ़ने के साथ और खराब होती जाती है। बल्लेबाजों को बड़े-बड़े शॉट्स लगाने के लिए नजरें जमाने होती है। हाउस्टेट के मुताबिक, IPL में यहां पर पहली पारी का औसत स्कोर 165 रन है।
जानकारी
ऐसा रहेगा चेन्नई का मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 18 मई को चेन्नई का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 30 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की 25 प्रतिशत संभावना है। बादल भी छाए रहेंगे।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
CSK के लिए सैमसन ने पिछले 10 मैचों में 168.07 की स्ट्राइक रेट से 437 रन बनाए हैं। गायकवाड़ के बल्ले से पिछले 10 मैचों में 272 रन निकले हैं। SRH के लिए अभिषेक ने पिछले 10 मैच में 211.94 की स्ट्राइक रेट से 426 रन बनाए हैं। गेंदबाजों में कंबोज ने पिछले 10 मैच में 10.04 की इकॉनमी से 15 विकेट लिए हैं। SRH से साकिब ने पिछले 8 मैचों में 9.33 की इकॉनमी से 12 विकेट चटकाए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
SRH और CSK के बीच यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।