IPL 2026, CSK बनाम DC: इन प्रमुख खिलाड़ियों के बीच हो सकती है कड़ी टक्कर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 18वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से होगा। यह मैच शनिवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। 3 मैचों के बाद भी CSK को अभी तक जीत नहीं मिली है, जबकि DC को गुजरात टाइटंस (GT) से 1 रन से हार मिली है। आइए इस मैच में प्रमुख खिलाड़ियों के बीच होने वाली संभावित टक्कर पर नजर डालते हैं।
#1
संजू सैमसन बनाम लुंगी एनगिडी
CSK के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन अभी तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। पावरप्ले में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और वह 3 मैचों में दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं। DC भी इसका फायदा उठाना चाहेगी और सैमसन के खतरे को शुरुआत में ही खत्म करना चाहेगी। अनुभवी गेंदबाज लुंगी एनगिडी यह काम बखूबी कर सकते हैं। एनगिडी ने CSK के बीच हुए एकमात्र IPL मुकाबले में सैमसन को आउट किया था।
#2
शिवम दुबे बनाम कुलदीप यादव
CSK का मध्यक्रम काफी हद तक शिवम दुबे पर निर्भर करता है, जो स्पिनरों की जमकर धुलाई करना पसंद करते हैं। DC के स्पिनर कुलदीप यादव के खिलाफ उनकी टक्कर बेहद रोमांचक होगी। हालांकि, बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप अभी तक IPL में दुबे को आउट नहीं कर पाए हैं, लेकिन उन्होंने दुबे के बल्ले को शांत रखने में कामयाबी जरूर हासिल की है। कुलदीप के खिलाफ दुबे अभी तक 7 गेंदों में सिर्फ 5 रन ही बना पाए हैं।
#3
केएल राहुल बनाम खलील अहमद
CSK की टीम केएल राहुल और पथुम निसांका की शानदार फॉर्म में चल रही सलामी जोड़ी को रोकना चाहेगी। राहुल के खतरे का मुकाबला करने के लिए खलील अहमद शुरुआत में अपनी पूरी गति और स्विंग का इस्तेमाल करेंगे। ESPN क्रिकइंफो के अनुसार, बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने सात टी-20 पारियों में राहुल को सिर्फ एक बार आउट किया है। इस मुकाबले में राहुल की स्ट्राइक रेट 130.76 की रही है।