
IPL 2025: SRH से हारकर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हुई LSG, बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 61वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 6 विकेट से हरा दिया।
इकाना स्टेडियम में हुए मैच में LSG ने 205/7 का स्कोर बनाया। जवाब में SRH ने अभिषेक शर्मा (59) और हेनरिक क्लासेन (47) की पारियों की मदद से लक्ष्य हासिल किया।
इस हार के साथ ही LSG की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।
आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती SRH की टीम
LSG से मिचेल मार्श (65) और एडेन मार्करम (61) ने अर्धशतक लगाते हुए अच्छी शुरुआत दिलाई।
वहीं, निकोलस पूरन के 45 रन की मदद से LSG ने 200 रन के आंकड़े को पार किया।
जवाब में SRH ने अथर्व तायडे (13) का विकेट जल्दी गंवा दिया। इसके बाद अभिषेक ने जोरदार पारी (59) खेली और। उनके बाद क्लासेन और कामिंदु मेंडिस (32) ने टीम को 19वें ओवर में जीत दिलाई।
अभिषेक
अभिषेक ने खेली जोरदार पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और सिर्फ 18 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया।
इस बीच रवि बिश्नोई के एक ओवर में लगातार 4 छक्के भी लगाए।
वह 20 गेंदों पर 59 रन बनाकर दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 4 चौके और 6 छक्के भी लगाए।
विपक्षी स्पिनर दिग्वेश राठी ने उनका विकेट हासिल किया।
मार्करम
मार्करम ने लगाया अर्धशतक
मार्करम ने अपने IPL करियर का 10वां और इस सीजन का 5वां अर्धशतक 28 गेंदों में पूरा किया। वह 38 गेंदों में 4 चौके और इतने की छक्कों से 61 रन बनाकर आउट हुए।
IPL में वह अब तक 56 मैच की 54 पारियों में 31.02 की औसत और 134.74 की स्ट्राइक रेट से 1,404 रन बना चुके हैं।
इस दौरान उन्होंने 10 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 68 रन का रहा है।
मार्श
मार्श ने भी लगाया अर्धशतक
मार्श ने पारी का पहला ओवर करने आए पैट कमिंस के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाया। उन्होंने पहले ओवर में 1 चौका और 1 छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर किए।
उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। तेजी से रन बटोर रहे मार्श 39 गेंदों पर 65 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए।
उन्होंने मार्करम के साथ 115 रन की साझेदारी की।
हर्षल
हर्षल पटेल ने पूरे किए अपने 150 विकेट
IPL के इतिहास में हर्षल अब 150 विकेट लेने वाले 5वें तेज गेंदबाज बने हैं।
उनसे पहले तेज गेंदबाजों में भुवनेश्वर कुमार (193), ड्वेन ब्रावो (183), जसप्रीत बुमराह (178), और लसिथ मलिंगा (170) ऐसा कर चुके हैं।
स्पिनरों को भी शामिल किया जाए तो हर्षल IPL में 150 विकेटों का आंकड़ा छूने वाले कुल 12वें गेंदबाज बने हैं। वह डेथ ओवर्स में उम्दा गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं।
उपलब्धि
सबसे तेज 150 IPL विकेट (गेंदों के लिहाज से) वाले गेंदबाज बने हर्षल
क्रिकबज के अनुसार, हर्षल ने 150 IPL विकेट (2,381) पूरे करने के लिए सबसे कम गेंदें फेंकी।
उन्होंने श्रीलंका और मुंबई इंडियंस के दिग्गज मलिंगा को पीछे छोड़ दिया, जिन्हें यह उपलब्धि हासिल करने के लिए 2,444 गेंदों का सहारा लिया था। इस सूची में चहल (2,543 गेंदें), ब्रावो (2,656) और बुमराह (2,832) अन्य हैं।
हर्षल पारियों (114) के लिहाज से दूसरे सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं। उनसे आगे मलिंगा (105 पारी) हैं।
जानकारी
क्लासेन ने खेली उम्दा पारी
क्लासेन ने परिस्थितियों के हिसाब से बल्लेबाजी की कमजोर गेंदों पर भरपूर फायदा उठाया। वह 28 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने मेंडिस के साथ चौथे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की।