LOADING...
IPL 2026, एलिमिनेटर: RR बनाम SRH मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, कैसी होगी मुल्लांपुर की पिच?
SRH जोरदार प्रदर्शन करना चाहेगी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026, एलिमिनेटर: RR बनाम SRH मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, कैसी होगी मुल्लांपुर की पिच?

May 26, 2026
03:42 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से 27 मई को होगा। मैच में जीत हासिल करने वाली टीम दूसरे क्वालीफायर में जगह बनाएगी। वहीं, हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। लीग चरण की समाप्ति के बाद SRH 9 जीत के साथ तीसरे स्थान पर रही, जबकि RR ने 8 जीत के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया था। आइए मुकाबले से जुड़ी जरूरी बातों पर नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड

RR के खिलाफ SRH का पलड़ा रहा है भारी 

IPL इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 23 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान SRH को 14 मैच में जीत मिली है। RR 9 मुकाबले अपने नाम करने में सफल हो पाई है। इस सीजन दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबले हुए हैं। दोनों मैच में SRH ने जीत दर्ज की है। पहले मैच में उसे 5 विकेट और दूसरे मैच में 57 रन से जीत मिली थी। RR ने SRH को आखिरी बार IPL 2023 में हराया था।

SRH

इस प्लेइंग इलेवन के साथ नजर आ सकती है SRH 

SRH को आखिरी लीग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 55 रन से शानदार जीत मिली थी। ऐसे में वह अपनी प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव करने को नहीं देखेंगे। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों जबरदस्त फॉर्म में है। वह उसी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे। संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नितीश रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा और साकिब हुसैन।

Advertisement

RR

इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है RR 

RR ने अपना आखिरी लीग मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 30 रन से जीत था। ऐसे में ये टीम भी अपने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव करने को नहीं देखेगी। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल टीम को जोरदार शुरुआत देना चाहेंगे। जोफ्रा आर्चर से गेंदबाजी में उम्मीद होगी। संभावित एकादश: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पूंजा और बृजेश शर्मा।

Advertisement

जानकारी

ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर

RR: रविंद्र जडेजा, सुशांत मिश्रा, अमन राव पेराला, रवि बिश्नोई और तुषार देशपांडे। SRH: प्रफुल हिंगे, अनिकेत वर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, हर्ष दुबे और हर्षल पटेल।

पिच

कैसा रहेगा पिच का मिजाज?

यादविंद्र सिंह स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से मिट्‌टी की होने की जगह रेत से तैयार की गई है। इससे यहां स्पिनरों के मुकाबले तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। इसी तरह इस पिच पर बल्लेबाज और गेंदबाजों के लिए समान अवसर होते हैं। हालांकि, बल्लेबाजों के लिए रन बनाने के लिए अपनी नजरें जमानी होती है। ऐसे में इस मैदान पर एक मजेदार मुकाबला देखने को मिल सकता है।

जानकारी

ऐसा रहेगा मुल्लांपुर का मौसम

एक्यूवेदर के अनुसार, 27 मई को मुल्लांपुर का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना एकदम नहीं है। ऐसे में एक अच्छा मैच देखने मिल सकता है।

प्रदर्शन

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर 

वैभव ने पिछले 10 मुकाबलों में 217.61 की स्ट्राइक रेट से 383 रन बनाए हैं। जुरेल के बल्ले से पिछले 10 मैच में 134.92 की स्ट्राइक रेट से 282 रन निकले हैं। ईशान ने पिछले 10 मैचों में 44.7 की औसत से 447 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में आर्चर ने पिछले 10 मैच में 8.95 की इकॉनमी से 16 विकेट चटकाए हैं। साकिब ने पिछले 10 मैचों में 9.08 की इकॉनमी से 15 विकेट अपने नाम किए हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला?

RR और SRH के बीच यह मुकाबला 27 मई को चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम (मुल्लांपुर) में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement