IPL 2023: मजदूरी करने वाले नाथन एलिस कैसे बने स्टार क्रिकेटर? जानिए उनके संघर्ष की कहानी
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में बुधवार को पंजाब किंग्स (PBKS) के तेज गेंदबाज नाथ एलिस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली बार IPL में 4 विकेट झटके थे।
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के लिए खेलने वाले इस खिलाड़ी ने हाल ही में विराट कोहली को भी अपनी गेंदबाजी से परेशान किया था।
उनका एक क्रिकेटर बनने का सफर अन्य खिलाड़ियों की तुलना में काफी संघर्षों से भरा रहा है।
आइए उनकी कहानी पर एक नजर डालते हैं।
प्रदर्शन
राजस्थान के खिलाफ कैसा रहा एलिस का प्रदर्शन?
एलिस ने राजस्थान के खिलाफ मैच में 7.50 की इकॉनमी से गेंदबाजी की और 4 ओवर में 30 रन खर्च किए। उन्होंने जोस बटलर को 11 गेंद में 19 रन बनाने के बाद आउट किया।
इसके बाद उन्होंने संजू सैमसन को 42 रन बनाने के बाद पवेलियन भेजा। इसके बाद उन्होंने रियान पराग और देवदत्त पडिक्कल को भी आउट किया।
एलिस को कगिसो रबाडा की जगह टीम में शामिल किया गया था। उन्होंने मिले मौके का पूरा फायदा उठाया।
कहानी
जानिए एलिस के संघर्ष की कहानी
इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक खबर के अनुसार, एलिस ने 22 साल की उम्र में न्यू साउथ वेल्स के लिए खेलना छोड़ दिया था। उनका चयन टीम में नहीं हो रहा था।
इसके बाद वह तस्मानिया चले गए। उनके पास न तो किसी टीम का अनुबंध था और न ही उनके पास कोई काम था।
उनके पास पैसे की कमी होने लगी थी। जिसके कारण वह 5-6 घंटे काम करते थे। उन्होंने कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी का काम किया था।
फोन
एक फोन से सब बदल गया
मजदूरी के अलावा एलिस एक स्थान से दूसरे स्थान पर भारी फर्नीचर पहुंचाते थे। उन्होंने सेल्समैन का भी काम किया था।
2019 में 2 साल तक बिना किसी अनुबंध के क्रिकेट खेलने के बाद एलिस ने क्रिकेट छोड़ने के बारे में सोचा और एक दिन वह अपना बैग पैक करने लगे थे।
वह अपने जीवन में कुछ और करने के बारे में सोच रहे थे, तभी तस्मानिया क्रिकेट के तत्कालीन कोच एडम ग्रिफिथ का फोन आया और सब बदल गया।
हैट्रिक
पहले मैच में एलिस ने ली थी हैट्रिक
एलिस लगातार घरेलू क्रिकेट में अच्छा करते रहे और उन्हें इसका फायदा मिला।
6 अगस्त, 2021 को उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ उन्होंने अपना पहला टी-20 मैच खेला और हैट्रिक ले ली।
वह अब तक 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। उन्होंने इस दौरान 8.53 की औसत से 15 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/28 का रहा है।
उन्होंने सिर्फ 6.4 की इकॉनमी से गेंदबाजी की है और उनका स्ट्राइक रेट 8.0 का रहा है।
करियर
कैसा रहा है एलिस का IPL करियर?
एलिस ने IPL में 7 मैच खेले हैं और 22.44 की औसत से 9 विकेट झटके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 16.00 का रहा है। उनके खिलाफ बल्लेबाजों ने 202 रन बनाए हैं।
उन्होंने अपना पहला IPL मुकाबला 25 सितंबर, 2021 को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ खेला था।
पिछले कुछ सालों में एलिस फ्रेंचाइजी क्रिकेट और ऑस्ट्रेलिया के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं। आने वाले समय में इस गेंदबाज के बारे में और सुनने को मिलेगा।