Page Loader
2 अप्रैल 2022 से चेन्नई में शुरू हो सकता है IPL का अगला सीजन- रिपोर्ट
02 अप्रैल 2022 से शुरू हो सकता है अगला सीजन

2 अप्रैल 2022 से चेन्नई में शुरू हो सकता है IPL का अगला सीजन- रिपोर्ट

Nov 24, 2021
12:26 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का अगला संस्करण भारत में खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह हाल ही में ये स्पष्ट कर चुके हैं। इस बीच रिपोर्ट्स के मुताबिक बोर्ड 02 अप्रैल 2022 से IPL के अगले संस्करण को शुरू करने की योजना बना रहा है। इसके अलावा उद्धघाटन मैच के चेन्नई में खेले जाने की उम्मीद है। आइए इस खबर पर पूरी नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

BCCI ने आंतरिक रूप से लीग के प्रमुख हितधारकों को दी है जानकारी

cricbuzz के मुताबिक BCCI ने आंतरिक रूप से लीग के प्रमुख हितधारकों को बता दिया है कि 02 अप्रैल से अगले संस्करण के शुरुआत होने की संभावना है। बता दें IPL 2021 का खिताब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने जीता था, ऐसे में उद्धघाटन मैच में CSK का खेलना तय है और मैच चेन्नई में होना भी निश्चित है। हालांकि, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

फाइनल मुकाबला

जून के पहले सप्ताह में खेला जा सकता है IPL 2022 का फाइनल

BCCI ने आंतरिक रूप से चर्चा की है कि IPL का अगला संस्करण 60 दिनों से अधिक समय की विंडो में खेला जाएगा। ऐसे में IPL 2022 के फाइनल के जून के पहले सप्ताह में होने की उम्मीद है। BCCI ने साफ किया है कि IPL 2022 में कुल 74 मैच होंगे। इससे पहले आठ टीमों के बीच हुए IPL 2021 में कुल 60 मैच खेले गए थे। ऐसे में पहले के मुकाबले अगले सीजन में 14 मैच ज्यादा होंगे।

पूर्व बयान

IPL का 15वां सीजन भारत में होगा- जय शाह

बीते शनिवार (BCCI) सचिव जय शाह ने स्पष्ट किया था कि अगला IPL संस्करण भारत में ही खेला जाएगा। बता दें IPL 2021 का दूसरा चरण UAE में खेला गया था। चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान शाह ने कहा, "आप सभी CSK को चेपॉक में खेलते देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वह क्षण दूर नहीं है और IPL का 15वां सीजन भारत में होगा और नई टीमों के शामिल होने से यह और अधिक रोमांचक होगा।

जानकारी

IPL 2021 का दूसरा चरण में UAE में हुआ था

IPL 2020 का पूरा सीजन कोरोना महामारी के बीच 19 सितंबर से 10 नवंबर तक UAE में खेला गया था। वहीं IPL 2021 का पहला चरण भारत में खेला गया जबकि कोरोना के दूसरा चरण UAE में स्थानांतरित कर दिया गया था।

नई टीमें

IPL 2022 में हिस्सा लेंगी दो नई टीमें

पिछले महीने RPSG ग्रुप और CVC कैपिटल ने दो नई IPL फ्रेंचाइजी के स्वामित्व अधिकार हासिल किए थे। RPSG ग्रुप ने लखनऊ स्थित फ्रैंचाइजी को 7,090 करोड़ रुपये में खरीदा था। वहीं CVC कैपिटल ने अहमदाबाद की फ्रेंचाइजी पर 5,166 करोड़ रुपये की बोली लगाकर कब्जा किया था। अडानी ग्रुप ने भी 5,000 करोड़ रूपये के करीब की बोली लगाई थी। 2011 के बाद यह पहला मौका होगा, जब IPL में 10 टीमें खेलती हुए नजर आएंगी।