Page Loader
IPL 2022: कोरोना के बीच महाराष्ट्र में खेली जा सकती है लीग- रिपोर्ट्स
कोरोना के बीच महाराष्ट्र में खेली जा सकती है लीग

IPL 2022: कोरोना के बीच महाराष्ट्र में खेली जा सकती है लीग- रिपोर्ट्स

Jan 10, 2022
11:00 am

क्या है खबर?

देश में बढ़ रहे कोरोना मामलों के बीच अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगामी सीजन एक ही राज्य में आयोजित हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कोरोना के प्रकोप के बीच IPL 2022 महाराष्ट्र के चार स्टेडियम में खेला जा सकता है। लीग के अगले सीजन के अप्रैल में शुरू होने की संभावना है, जिसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सभी विकल्पों पर विचार कर रहा है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

IPL अधिकारी जल्द ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से मिलेंगे

एक विश्वसनीय सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि BCCI के अंतरिम CEO और IPL के मुख्य परिचालन अधिकारी हेमंग अमीन ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के अध्यक्ष विजय पाटिल से इस बारे में संपर्क किया है। सूत्र के मुताबिक, "अमीन इस सप्ताह के दौरान या अगले 10 दिनों में BCCI और MCA के अधिकारी इस संबंध में आवश्यक अनुमति की व्यवस्था करने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राज्य के मुख्य सचिव देबाशीष चक्रवर्ती से मिलेंगे।"

स्टेडियम

वानखेड़े समेत इन स्टेडियम के नाम पर हो रहा है विचार

रिपोर्ट्स के मुताबिक BCCI मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम, बेब्रोन स्टेडियम और डीवाई पाटिल स्टेडियम (नवी मुंबई) पर IPL के आयोजन के लिए विचार कर रहा है। इनके अलावा पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में भी लीग खेले जाने की संभावना है। एक राज्य के नजदीकी चार स्टेडियम में लीग के खेले जाने से खिलाड़ी प्लेन की बजाय बस से यात्रा कर सकेंगे, जिससे कोरोना के फैलने की कम संभावना बनेंगी।

विकल्प

एक बार फिर UAE होगा बैकअप विकल्प

सूत्र ने आगे बताया कि अगर कोरोना के बीच महाराष्ट्र पर बात नहीं बनती है तो लीग का आयोजन एक बार फिर UAE में हो सकता है। सूत्र ने आगे कहा, "अब तक यही योजना है कि IPL भारत में ही खेला जाए। अगर भविष्य में महाराष्ट्र भी विकल्प से बाहर हो जाता है, तब BCCI को मजबूरी में लीग के आयोजन के लिए UAE का रूख करना पड़ेगा।"

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

IPL 2021 भारत में अप्रैल-मई में खेला जाना तय था। हालांकि, 60 में से 29 मैचों के बाद, कोरोना की मार के बीच भारत में इसका आयोजन संभव नहीं हो सका और बचे हुए मैच UAE में सितंबर-अक्टूबर में खेले गए थे।

घरेलू क्रिकेट

रणजी समेत घरेलू क्रिकेट हुआ है प्रभावित

आमतौर पर IPL का आयोजन होम और अवे प्रारूप में होता है, लेकिन कोरोना के कारण इसका आयोजन तीन से चार स्टेडियम में कराने पर विचार हो रहा है। एक बार फिर कोरोना महामारी का प्रभाव खेलों पर पड़ने लगा है। हाल ही में रणजी ट्रॉफी को स्थगित कर दिया गया है, जो 13 जनवरी से शुरू होनी थी। इसके अलावा कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी और सीनियर महिला टी-20 लीग भी टाल दी गई है।

स्थिति

महाराष्ट्र में जारी है कोरोना का प्रकोप

महाराष्ट्र कोरोना महामारी के सबसे प्रभावित राज्यों में से एक है। महाराष्ट्र में अब तक 69,20,044 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,41,639 लोगों की मौत हुई है। बीते दिन महाराष्ट्र में 44,388 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 12 मरीजों की मौत हुई। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,79,723 नए मामले सामने आए और 146 मरीजों की मौत दर्ज हुई। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,57,07,727 हो गई है।