तीसरा टी-20: भारत ने न्यूजीलैंड को दिया 235 रन का लक्ष्य, शुभमन ने लगाया शानदार शतक
क्या है खबर?
भारत और न्यूजीलैंड की टीमें टी-20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में बुधवार को आमने-सामने हैं। भारतीय क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 234 रन बनाए।
भारतीय टीम की ओर से शुभमन गिल ने सर्वाधिक 126 रन बनाने में कामयाब हो पाए। दूसरी तरफ न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की ओर से माइकल ब्रेसवेल सबसे सफल गेंदबाज रहे।
आइए भारतीय टीम की पारी पर एक नजर डालते हैं।
निराशा
ईशान किशन का खराब फॉर्म जारी
ईशान किशन टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने फॉर्म के साथ न्याय नहीं कर पा रहे हैं। पहले टी-20 में वह पांच गेंदों का सामना करने के बाद केवल 4 रन बनाकर आउट हो गए थे।
वहीं दूसरे मैच में भी उन्होंने 32 गेंद का सामना करते हुए सिर्फ 19 रन बनाए थे। वह आज भी सिर्फ एक रन बना पाए।
वह पिछली 14 टी-20 पारियों से एक भी अर्धशतक नहीं जमा पाए हैं और इस पूरी सीरीज में फ्लॉप रहे हैं।
राहुल त्रिपाठी
राहुल त्रिपाठी की जोरदार पारी
राहुल त्रिपाठी ने मैच में शानदार बल्लेबाजी की और सिर्फ 22 गेंद में 44 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान चार चौके और तीन छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा। वह अर्धशतक बनाने से चुक गए।
उन्होंने शुभमन के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 गेंद में 80 रन जोड़े। वहीं सूर्यकुमार यादव ने 13 गेंद में 24 रन की पारी खेली।
वह भी बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हो सके।
शतक
गिल ने टी-20 करियर का पहला शतक लगाया
गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में शानदार शतक जड़ दिया। यह उनका पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक था। इससे पहले उनका इस फॉर्मेट में सर्वोच्च स्कोर 46 रन था।
टी-20 सीरीज से पहले गिल ने कीवी टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था और तीन मैचों में 360 रन बना दिए थे। इसमें एक शतक और एक दोहरा शतक शामिल थे। उन्होंने सूर्यकुमार के साथ 25 गेंद में 38 रन जोड़े।
गेंदबाजी
न्यूजीलैंड के गेंदबाज कुछ खास नहीं कर पाए
न्यूजीलैंड का कोई गेंदबाज मैच में छाप नहीं छोड़ पाया। मिचेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, बेन लिस्टर, लॉकी फर्ग्यूसन हों या ब्लेयर टिकनर कोई भी मैच में छाप छोड़ने में कामयाब नहीं रहा।
किशन के रूप न्यूजीलैंड को पहली सफलता बहुत जल्दी मिल गई थी, लेकिन इसके बाद कोई भी गेंदबाज कुछ खास नहीं कर पाया। हार्दिक पांड्या और शुभमन के बीच 40 गेंद में 103 रन की साझेदारी हुई।
रिकॉर्ड
गिल ने बड़ा रिकॉर्ड किया अपने नाम
गिल ने मैच में 63 गेंद में 126 रन बनाए। ये किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच की सबसे बड़ी पारी है।
इससे पहले ये रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था। उन्होंने ये स्कोर एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया था।
कोहली का भी वह पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक था। भारत के लिए तीसरा सबसे बड़ा स्कोर रोहित शर्मा के नाम हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 43 गेंद में 118 रन की पारी खेली थी।