LOADING...
भारत बनाम आयरलैंड: टी-20 सीरीज के लिए दोनों टीमें, शेड्यूल और सभी अहम जानकारी
भारतीय टीम हर हाल में सीरीज अपने नाम करना चाहेगी (तस्वीर:एक्स/@BCCI)

भारत बनाम आयरलैंड: टी-20 सीरीज के लिए दोनों टीमें, शेड्यूल और सभी अहम जानकारी

Jun 23, 2026
09:28 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और आयरलैंड क्रिकेट टीम के बीच 26 जून से 2 मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी। भारतीय टीम इस सीरीज के लिए आयरलैंड पहुंच चुकी है। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ भी श्रेयस अय्यर की टीम को टी-20 सीरीज खेलनी हैं। श्रेयस पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। वहीं, तिलक वर्मा को उपकप्तान होंगे। ऐसे में आइए जानते हैं इस टी-20 सीरीज के लिए दोनों देशों की टीमों के साथ अन्य अहम जानकारी।

भारतीय टीम

ऐसी है भारतीय टीम

नितीश रेड्डी को इस सीरीज में मौका मिला था। अब वह चोटिल होने के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। वहीं, मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। वरुण चक्रवर्ती भी इस सीरीज में नहीं खेलेंगे। आयरलैंड सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा।

आयरलैंड

ऐसी है आयरलैंड की पूरी टीम 

मैथ्यू हॉलार्ड और जाय मूंद्रा को पहली बार टीम में जगह मिली है। वहीं, रूबेन विल्सन अभी तक टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण नहीं कर सके हैं, हालांकि उन्होंने पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला मैच खेला था। भारत के खिलाफ सीरीज के लिए आयरलैंड टीम: लॉर्कन टकर (कप्तान), रॉस अडेयर, बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, स्टीफन डोहेनी, मैथ्यू हम्फ्रीज, गैविन होई, मैथ्यू हॉलार्ड, लियाम मैकार्थी, जाय मूंद्रा, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर और रूबेन विल्सन।

Advertisement

हेड-टू-हेड

भारत के खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत पाई है आयरलैंड 

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान सभी मुकाबलों में भारतीय टीम को जीत मिली है। आयरलैंड अब तक एक भी मैच भारतीय टीम के खिलाफ जीत नहीं पाई है। दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला जून 2024 में हुआ था। उस मैच को भारतीय टीम ने 8 विकेट से अपने नाम किया था। आयरलैंड 96 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारतीय टीम ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया था।

Advertisement

शेड्यूल 

ऐसा है सीरीज का शेड्यूल 

सीरीज का पहला मुकाबला 26 जून को बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट मैदान पर खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे होगी। दूसरा और अंतिम टी-20 मुकाबला 28 जून को इसी मैदान पर खेला जाएगा। आयरलैंड के खिलाफ यह सीरीज भारतीय टीम के लिए आगामी चुनौतियों की तैयारी के लिहाज से अहम मानी जा रही है, जबकि मेजबान टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेगी। इस सीरीज में भारत के युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है।

प्रदर्शन

इन भारतीय खिलाड़ियों का रहा है आयरलैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन 

संजू सैमसन ने आयरलैंड के खिलाफ 3 मुकाबले खेले हैं और इसकी 3 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 118 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 171.01 की रही है। उन्होंने एक पचासा भी लगाया है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 77 रन है। सक्रिय गेंदबाजों में रवि बिश्नोई ने आयरलैंड के खिलाफ 3 पारियों में 20.2 की औसत से 5 विकेट अपने नाम किए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 8.41 की रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/23 का रहा है।

Advertisement