WPL 2026 में उपविजेता रही दिल्ली कैपिटल्स का ऐसा रहा सफर, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वडोदरा में हुए फाइनल में DC की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 203/4 का स्कोर बनाया। जवाब में RCB की टीम ने 2 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल किया। लगातार चौथे संस्करण में DC की टीम उपविजेता साबित हुई। इस बीच DC के सफर पर एक नजर डालते हैं।
DC
DC ने अपने ग्रुप स्टेज में जीते 4 मैच
DC ने अपने ग्रुप स्टेज में 8 मैच खेले, जिसमें से 4 में उन्हें जीत मिली और इतने ही मैचों में उन्होंने हार का सामना किया। DC ने UPW के खिलाफ अपने दोनों मैच जीते। इसके अलावा DC ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के विरुद्ध भी 1-1 मुकाबले जीते। DC को GG ने ग्रुप स्टेज में 2 बार हराया था। RCB और MI ने DC को 1-1 मैचों में हराया था।
एलिमिनेटर
DC ने एलिमिनेटर में GG को हराया
एलिमिनेटर मुकाबले में DC ने GG को 7 विकेट से हराते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया। वडोदरा में खेले गए मैच में GG ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168/7 का स्कोर बनाया, जिसमें बेथ मूनी का अर्धशतक (62*) शामिल रहा। जवाब में DC ने लिजेल ली (43) और जेमिमा रोड्रिगेज (41) की पारियों की बदौलत 15.4 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। दिलचस्प रूप से DC ने लगातार चौथे संस्करण के फाइनल में जगह बनाई थी।
रन
DC से इन बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक रन
DC से लिजेल ली सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रही। इस सलामी बल्लेबाज ने 10 पारियों में 32.00 की औसत और 139.13 की स्ट्राइक रेट से 320 रन बनाए। उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए। लौरा वोल्वार्ड्ट ने 10 पारियों में 45.28 की औसत और 135.47 की स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए। जेमिमा रोड्रिगेज ने 33.00 की औसत से 264 रन अपने नाम किए। शफाली ने 10 पारियों में 25.90 की औसत से 259 रन बनाए।
विकेट
DC के इन गेंदबाजों ने लिए सर्वाधिक विकेट
DC से नंदनी शर्मा ने प्रभावशाली गेंदबाजी की। वह WPL के एक सीजन में सर्वाधिक विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज भी साबित हुई। उन्होंने 10 मैचों में 18.58 की औसत और 8.31 की इकॉनमी रेट से संयुक्त रूप से सर्वाधिक 17 विकेट लिए। श्रीचरणी के लिए भी यह सीजन शानदार रहा। उन्होंने 10 मैचों में 22.35 की औसत से 14 सफलताएं हासिल की। शिनेल हेनरी ने 8 मुकाबलों में 17.78 की औसत से 14 विकेट लिए।
फाइनल
ऐसा रहा फाइनल मुकाबला
DC को शफाली वर्मा (20) के रूप में पहला झटका लगा, जबकि लिजेल ली 20 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद रोड्रिगेज, और लौरा वोल्वाड्ट (44) ने पारी को संभाला। वहीं, शिनेल हेनरी ने आक्रामक अंदाज में नाबाद 35 रन बनाते हुए टीम को 203/4 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में ग्रेस हैरिस (9) के जल्दी आउट होने के बाद स्मृति मंधाना (87) और जॉर्जिया वॉल (79) ने उम्दा पारियां खेलकर जीत में अहम भूमिका निभाई।