Page Loader
IPL 2022: चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम, जानिए क्या हो सकती है बेस्ट प्लेइंग इलेवन
चेन्नई सुपर किंग्स

IPL 2022: चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी टीम, जानिए क्या हो सकती है बेस्ट प्लेइंग इलेवन

लेखन Neeraj Pandey
Feb 14, 2022
11:32 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की नीलामी समाप्त हो चुकी है और सभी टीमों ने अपने-अपने दल को पूरा कर लिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने भी इस नीलामी में कई खिलाड़ियों को खरीदा है। CSK ने नीलामी में काफी धैर्य दिखाते हुए खिलाड़ियों की खरीदारी की थी। महेन्द्र सिंह धोनी की कप्तानी में येलो आर्मी एक बार फिर धमाल मचाने की कोशिश करेगी। नीलामी के बाद CSK की टीम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

रिटेन

CSK ने किया था इन चार खिलाड़ियों को रिटेन

खिताब जीतने के मामले में लीग की दूसरे सबसे सफल टीम CSK ने नीलामी से पहले चार खिलाड़ियों को रिटेन किया था। CSK ने ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को सबसे अधिक 16 करोड़ रुपये देकर रिटेन किया था। टीम के कप्तान एमएस धोनी को केवल 12 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था। एकमात्र विदेशी खिलाड़ी मोईन अली आठ करोड़ रुपये में रिटेन हुए थे तो वहीं युवा रुतुराज गायकवाड़ को छह करोड़ रुपये की कीमत में रिटेन किया गया था।

महंगे खिलाड़ी

इन खिलाड़ियों के लिए CSK ने खर्च की बड़ी रकम

CSK ने अपने पुराने खिलाड़ियों को वापस लाने के लिए ही अधिकतर बड़ी बोली लगाई। उन्होंने दीपक चाहर को वापस लाने के लिए 14 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत खर्च की है। अंबाती रायुडु के लिए 6.75 और ड्वेन ब्रावो के लिए 4.40 करोड़ रुपये की बोली लगाई गई। भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे को चार करोड़ रुपये में खरीदा गया तो वहीं क्रिस जॉर्डन के लिए भी 3.60 करोड़ रुपये की बोली लगी।

टीम

ऐसी है CSK की पूरी टीम

महेन्द्र सिंह धोनी, मोईन अली, रविंद्र जडेजा, रुतुराज गायकवाड़, रॉबिन उथप्पा, ड्वेन ब्रावो, अंबाती रायुडु, दीपक चाहर, सी. हरि निशांत, नारायण जगदीशन, के.एम. आसिफ, तुषार देशपांडे, शिवम दुबे, क्रिस जॉर्डन, महीष तीक्षाणा, राजवर्धन हंगरगेकर, सिमरजीत सिंह, डेवोन कोन्वे, ड्वेन प्रिटोरियस, मिचेल सैंटनर, एडम मिल्ने, शुभ्रांशु सेनापति, मुकेश चौधरी, प्रशांत सोलंकी और के. भगत वर्मा।

प्लेइंग इलेवन

ऐसी हो सकती है CSK की प्लेइंग इलेवन

आगामी सीजन के लिए CSK की प्लेइंग इलेवन में धोनी, जडेजा, मोईन, गायकवाड़, रायुडु और चाहर का होना लगभग तय है। फाफ डू प्लेसी के नहीं रहने के कारण गायकवाड़ और रायुडु से पारी की शुरुआत कराई जा सकती है। मोईन को तीन और कोन्वे को चार नंबर पर रखा जा सकता है। दुबे और धोनी मध्यक्रम संभाल सकते हैं। ब्रावो, चाहर और जॉर्डन ऑलराउंडर की भूमिका निभा सकते हैं। तीक्षाणा और मिल्ने गेंदबाजी संभालते दिख सकते हैं।

उपलब्धि

सबसे अधिक नौ फाइनल खेलने वाली टीम है CSK

CSK सबसे अधिक नौ बार IPL फाइनल खेलने वाली टीम है। CSK ने 2010, 2011, 2018 और 2021 में इस लीग का खिताब जीता था। CSK इस लीग में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली दूसरी टीम है। लगातार दो साल खिताब जीतने वाली CSK पहली टीम थी और उनके रिकॉर्ड को 2020 में मुंबई इंडियंस ने बराबर किया था। स्पॉट-फिक्सिंग मामले में CSK को दो साल के लिए लीग से निलंबित किया गया था।