पूर्व चयनकर्ता क्रिस श्रीकांत ने हार्दिक पांड्या पर साधा निशाना, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 44वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 8 विकेट से हरा दिया। इस हार के बाद पूर्व भारतीय चयनकर्ता क्रिस श्रीकांत ने MI के कप्तान हार्दिक पांड्या की आलोचना करते हुए उन्हें 'प्लास्टिक कप्तान' यानी दिखावटी कप्तान करार दिया है। उन्होंने मैच के दौरान हार्दिक की बल्लेबाजी की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह मैच की स्थिति के अनुसार खेल दिखाने में असफल रहे।
आलोचना
श्रीकांत ने कैसे की हार्दिक की आलोचना?
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "जब MI का स्कोर लगातार गिर रहा था, तब हार्दिक पारी के उस मोड़ पर क्या करने की कोशिश कर रहे थे। 23 गेंदों में 18 रन। ये क्या है? ये तो प्लास्टिक कप्तान है।" बता दें की तिलक वर्मा के आउट होने के बाद हार्दिक छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए, लेकिन व 23 गेंदों में केवल 18 रन ही बनाने में सफल रहे। उस दौरान उन्होंने कुल 10 गेंदें डॉट खेली।
सवाल
श्रीकांत ने हार्दिक के इरादे पर उठाए सवाल
श्रीकांत ने कहा, "उस साझेदारी को देखिए। हार्दिक क्या करने की कोशिश कर रहे थे? अगर आप बीच के ओवरों में डॉट गेंदों की संख्या देखें, तो यह स्पष्ट है कि कोई उचित रणनीति या खेल की समझ नहीं थी। उस दौरान रन रेट में बहुत तेजी से गिरावट आई।" उन्होंने कहा, "छठे या 7वें ओवर के आसपास से उन्होंने लगभग 9 रन प्रति ओवर की रफ्तार से शुरुआत की, लेकिन फिर यह रफ्तार धीमी होती चली गई।"
कमजोरी
CSK ने उजागर की हार्दिक की कमजोरी
CSK ने हार्दिक को कोई छूट नहीं दी और उनके शरीर को निशाना बनाया, खासकर जेमी ओवरटन ने। इस पर श्रीकांत ने कहा, "टीमों को अब हार्दिक को काबू में रखने की तरकीब पता चल गई है और वे लगातार उनके शरीर को निशाना बनाएंगी। वे अब उस स्लॉट में गेंदबाजी नहीं करेंगे। वे उसे बांधे रखेंगे। उन्हें पता था कि अगर वे लेंथ बॉल डालेंगे तो वह उन्हें बुरी तरह पीटेगा। इसलिए, वे वहां गेंदबाजी नहीं करेंगे।"
जानकारी
IPL 2026 में बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए हार्दिक
हार्दिक का IPL 2026 में प्रदर्शन खास नहीं रहा। वह 8 पारियों में 20.86 की औसत से केवल 146 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनका सर्वाच्च स्कोर 40 रन रहा है। इसी तरह गेंदबाजी में वह केवल 4 विकेट लेने में सफल रहे हैं।