Loading...
पूर्व खिलाड़ी का MI नेतृत्व पर बड़ा बयान, कहा- जयवर्धने को बनाया गया बलि का बकरा
मुंबई इंडियंस ने बतौर कोच महेला जयवर्धने का साथ छोड़ दिया है

पूर्व खिलाड़ी का MI नेतृत्व पर बड़ा बयान, कहा- जयवर्धने को बनाया गया बलि का बकरा

Oct 23, 2026
02:05 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में से एक मुंबई इंडियंस (MI) में बड़े बदलावों का दौर शुरू हो चुका है। पिछले 6 सीजन में 2 बार प्लेऑफ में जगह बनाने में कामयाब रही MI ने नए सिरे से टीम तैयार करने के लिए अपने मुख्य कोच महेला जयवर्धने का साथ छोड़ दिया है। हालांकि, टीम के इस फैसले पर चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के पूर्व खिलाड़ी सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने MI नेतृत्व पर ही सवाल खड़ कर दिए हैं।

बयान

बद्रीनाथ ने क्या दिया बयान?

बद्रीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में जयवर्धने का पक्ष लेते हुए कहा कि जब टीम में पहले से ही दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मौजूद हों, तो एक कोच इससे ज्यादा कुछ नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा, "महेला जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस के साथ शानदार काम किया और उनके मार्गदर्शन में टीम ने 3 IPL खिताब भी जीते, लेकिन हालिया संघर्षों के लिए उन्हें बलि का बकरा बना दिया गया है।"

सवाल

"जयवर्धने इससे ज्यादा क्या कर सकते थे"

बद्रीनाथ ने आगे कहा, " भला जयवर्धने इससे ज्यादा और क्या कर सकते थे? उनके पास इतनी बेहतरीन टीम थी। क्या वे हार्दिक पांड्या को गेंदबाजी करना, रोहित शर्मा को पुल शॉट खेलना या जसप्रीत बुमराह को यॉर्कर फेंकना सिखा सकते थे? ये सभी पहले से ही खुद को साबित कर चुके दिग्गज खिलाड़ी हैं।"

उन्होंने CSK की ओर से कोच स्टीफन फ्लेमिंग के साथ ही ऐसा ही व्यवहार किए जाने की बात करते हुए अपनी निराशा व्यक्त की।

ADVERTISEMENT

दावा

बदलाव के लिए कोच को बनाया जाता है बलि का बकरा- बद्रीनाथ

बद्रीनाथ ने टीमों में बदलाव के दौर की शुरुआत को लेकर कहा, "जब भी कोई फ्रेंचाइजी बड़ा बदलाव करना चाहती है, तो अक्सर कोच ही बलि का बकरा बनता है। यही बात CSK और स्टीफन फ्लेमिंग के साथ भी हुई थी। जयर्वधने और फ्लेमिंग दोनों को ही बलि का बकरा बनाया गया है। हकीकत यह है कि CSK और MI दोनों टीमों में पिछले कुछ सीजनों से सही नेतृत्व की कमी रही है, जिसका असर पूरी टीम पर दिखा है।"

ADVERTISEMENT

फॉर्मूला

बद्रीनाथ ने MI के लिए बताया भविष्य का फॉर्मूला

बद्रीनाथ ने MI की किस्मत बदलने और आगामी सीजन में सफलता हासिल करने के लिए एक फॉर्मूला भी सुझाया है।

उन्होंने कहा कि टीम को फिर से स्थापित और अनुभवी भारतीय कप्तान की जरूरत है, जो रोहित शर्मा के रूप में उनके पास है।

इसी तरह राहुल द्रविड को नया कोच बनाया जा सकता है। द्रविड और रोहित के रिश्ते अच्छे रहे हैं। दोनों की जोड़ी ने भारत को टी-20 विश्व कप 2024 जिताने में मुख्य भूमिका निभाई थी।

ADVERTISEMENT