LOADING...
फीफा विश्व कप 2026: स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 से हराया, दर्ज की पहली जीत
स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 से हराया (तस्वीर: एक्स/@SpainIsFootball)

फीफा विश्व कप 2026: स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 से हराया, दर्ज की पहली जीत

Jun 21, 2026
11:56 pm

क्या है खबर?

फीफा विश्व कप 2026 में स्पेन फुटबॉल टीम ने सऊदी अरब फुटबॉल टीम को 4-0 से हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। स्पेन की ओर से मिकेल ओयारजाबल ने सर्वाधिक 2 गोल किए। उनके अलावा लामिन यमाल ने 1 गोल दागा। बता दें कि स्पेन ने अपने पहले मैच में काबो वेर्दे के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेला था। इस जीत के साथ ही स्पेन ने राउंड ऑफ-32 के लिए अपना दावा मजबूत किया।

पहला हाफ

लामिन यमाल ने दिलाई बढ़त 

मैच के 10वें मिनट में ही सऊदी अरब के अल अमरी से गेंद छिनने के बाद स्पेन ने अचानक हमला किया। ओयारजाबल ने बाईं ओर से बेहतरीन क्रॉस दिया और इस पर यमाल ने गोल करके बढ़त दिला दी। इसके बाद मैच के 21वें और 24वें मिनट में ओयारजाबल ने 2 गोल करके टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। पहले हाफ के बाद स्कोर 3-0 से स्पेन के पक्ष में रहा।

दूसरा हाफ 

दूसरा हाफ भी रहा स्पेन के नाम

दूसरे हाफ की शुरुआत में आत्मघाती गोल देखने को मिला। मैच के 49वें मिनट में कुकुरेला के दमदार शॉट पर सऊदी अरब के गोलकीपर ओवैसी ने बचाव किया, लेकिन गेंद हसन अलताम्बख्ती के शरीर से टकराकर गोल पोस्ट के भीतर चली गई। दूसरे हाफ में दोनों टीमों की ओर से प्रयास देखने को मिले। हालांकि, मैच में कोई और गोल देखने को नहीं मिला और स्पेन ने मुकाबला जीतकर 3 अंक हासिल किए।

Advertisement

जानकारी

फीफा में गोल करने वाले दूसरे सबसे युवा स्पेनिश बने यमाल

18 साल और 343 दिन की उम्र में यमाल अब फीफा विश्व कप के इतिहास में गोल करने वाले दूसरे सबसे युवा स्पेनिश खिलाड़ी बने। बता दें कि गावी 18 साल और 110 दिन की उम्र में विश्व कप गोल कर चुके हैं।

Advertisement

आंकड़े

स्पेन का मैच में रहा पूरी तरह से कब्जा 

मैच में स्पेन ने गोल करने की 21 बार कोशिश की और 9 बार टारगेट पर शॉट लगाए। दूसरी तरफ सऊदी अरब ने 3 बार ही कोशिश की और सिर्फ 1 बार टारगेट पर शॉट लगाए। इस एकतरफा मैच में जीतने वाली टीम के पास 65 प्रतिशत समय बॉल का कब्जा रहा। स्पेन ने 92 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 639 पास पूरे किए। सऊदी अरब ने 238 पास किए, जिसमें उनकी एक्यूरेसी 76 प्रतिशत की रही।

ट्विटर पोस्ट

ग्रुप-H की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची स्पेन

Advertisement