फाफ डु प्लेसिस ने MLC में लगाया अपना चौथा शतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में टेक्सास सुपर किंग्स के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने सिएटल ओर्कास के खिलाफ बेहतरीन शतक (113*) लगाया। इस शतक की बदौलत टेक्सास की टीम को मैच में जीत मिली। यह उनके टी-20 करियर का कुल 9वां शतक साबित हुआ। इसके साथ-साथ यह MLC में उनका चौथा शतक है और वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में 4 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने। आइए उनके रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही डु प्लेसिस की पारी
सिएटल ऑर्कस ने टिम सीफर्ट के शानदार शतक (104) और शायन जहांगीर के 78 रन की बदौलत 220/2 का बड़ा स्कोर बनाया। इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए टेक्सास को 1 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। डु प्लेसिस ने दबाव की घड़ी में उम्दा बल्लेबाजी की और राइली रोसौ (49) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 95 रन जोड़े। टेक्सास के कप्तान ने 52 गेंदों में नाबाद 113 रन बनाए।
उपलब्धि
MLC में 1,000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने
इस पारी के साथ डु प्लेसिस टूर्नामेंट के इतिहास में 1,000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। MLC के 4 सीजन में 27 मैचों में 41 वर्षीय इस खिलाड़ी ने 43.62 की औसत और 167.25 के स्ट्राइक रेट से 1,047 रन बनाए हैं। वह 95 चौके और 57 छक्के लगा चुके हैं। उनके बाद इस टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन निकोलस पूरन (928) ने बनाए हैं।
शतक
4 शतक वाले पहले पहले खिलाड़ी बने डु प्लेसिस
डु प्लेसिस इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। लीग में किसी भी अन्य बल्लेबाज के नाम 2 से ज्यादा शतक नहीं हैं। पूरन, आंद्रे फ्लेचर और फिन एलन इस टूर्नामेंट में 2-2 शतक लगा चुके हैं। डु प्लेसिस ने MLC में 6 अर्धशतक भी लगाए हैं और वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा बार 50+ रन (10 बार) बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
आंकड़े
डु प्लेसिस ने लगाया अपना 9वां शतक
अपने हालिया शतक के साथ डु प्लेसिस ने टी-20 शतकों के मामले में क्विंटन डिकॉक, राइली रूसो, साहिबजादा फरहान और अभिषेक शर्मा की बराबरी की। इन सभी बल्लेबाजों के नाम 9-9 शतक हैं। साथ ही, डु प्लेसिस के सभी 9 टी-20 शतक कप्तान के तौर पर आए हैं। उनके अलावा पाकिस्तान के बाबर आजम ने कप्तानी करते हुए 9 शतक जड़े हैं। टी-20 क्रिकेट में कप्तानी करते हुए 5 से ज्यादा शतक लगाने वाले अन्य बल्लेबाज माइकल क्लिंगर (7) हैं।