Page Loader
IPL 2023: CSK ने MI को हराकर दर्ज की अपनी लगातार दूसरी जीत, बने ये रिकॉर्ड्स 
CSK ने मौजूदा सीजन में जीता अपना दूसरा मैच (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: CSK ने MI को हराकर दर्ज की अपनी लगातार दूसरी जीत, बने ये रिकॉर्ड्स 

Apr 08, 2023
11:20 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 12वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 7 विकेट से हराकर अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में MI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 157/8 का स्कोर बनाया। जवाब में CSK ने अजिंक्य रहाणे की अर्धशतकीय पारी (61) की बदौलत 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

CSK ने दर्ज की आसान जीत 

MI ने पॉवरप्ले के बाद 61/1 का स्कोर करके तेज शुरुआत की। इसके बाद CSK के स्पिन गेंदबाजों के सामने MI का बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ा गया। MI से ईशान किशन (32) और टिम डेविड (31) ने उपयोगी योगदान देकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। CSK से जडेजा ने 3 विकेट लिए। जवाब में CSK को 0 के स्कोर पर ही पहला झटका लग गया। इसके बाद रहाणे ने गायकवाड़ के साथ 82 रन जोड़े और जीत में योगदान दिया।

रोहित 

रोहित ने MI की ओर से पूरे किए 5,000 रन 

MI के कप्तान रोहित शर्मा ने 13 गेंदों में 21 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने अहम उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने MI की ओर से खेलते हुए अपने 5,000 रन पूरे कर लिए हैं। वह MI से यह आंकड़ा छूने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। इसके अलावा वह एक टीम की ओर से खेलते हुए 5,000 से ज्यादा रन बनाने वाले विराट कोहली (RCB) और सुरेश रैना (CSK) के बाद तीसरे बल्लेबाज बने हैं।

जडेजा 

जडेजा ने लिए 3 विकेट, चुने गए 'प्लेयर ऑफ द मैच'  

CSK की ओर से रविंद्र जडेजा ने कमाल की गेंदबाजी की और 3 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अपने 4 ओवरों में 20 रन देते हुए ईशान, ग्रीन और तिलक के विकेट चटकाए। इसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया। जडेजा के अब 213 मैचों में 30.33 के औसत से 136 विकेट हो गए हैं। इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 8 से कम (7.59) रही है। वह लीग में 11वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

रहाणे 

रहाणे ने लगाया तेज अर्धशतक 

CSK की जर्सी में अपना पहला मैच खेल रहे रहाणे ने आज महज 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह मौजूदा सीजन में अब तक का सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए 61 रन की पारी खेली। इस बीच उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए। वह पीयूष चावला की गेंद पर आउट हुए। रहाणे के अब 31.09 की औसत और 121.51 की स्ट्राइक रेट से 4,135 रन हो गए हैं।

जानकारी

रहाणे ने CSK से लगाया दूसरा सबसे तेज अर्धशतक 

रहाणे अब CSK की ओर से खेलते हुए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने मोईन अली की बराबरी की है। बता दें कि CSK से सबसे तेज अर्धशतक सुरेश रैना (14 गेंदों में) ने लगाया है।

गायकवाड़ 

मौजूदा सीजन में फिलहाल सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज बने गायकवाड़ 

जबरदस्त फॉर्म में चल रहे रुतुराज गायकवाड़ ने आज 36 गेंदों में नाबाद 40 रनों की पारी खेली और रहाणे के साथ दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। उन्होंने शुरुआती 2 मैचों में अर्धशतक लगाए थे। वह मौजूदा सीजन में फिलहाल सबसे ज्यादा रन (189) बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके बाद इस सूची में दिल्ली कैपिटल्स के डेविड वार्नर (158) और राजस्थान रॉयल्स के जोस बटलर (152) ने बनाए हैं।

जानकारी

चौथे स्थान पर पहुंची CSK की टीम 

इस जीत के साथ ही CSK अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है, वहीं लगातार दूसरी हार झेलने वाली MI आठवें स्थान पर मौजूद है। राजस्थान रॉयल्स 2 जीत के साथ शीर्ष पर बनी हुई है।