Page Loader
MI VS CSK: अजिंक्य रहाणे ने IPL 2023 का सबसे तेज अर्धशतक जमाया, जानिए उनके आंकड़े 
अजिंक्य रहाणे ने IPL 2023 का सबसे तेज अर्धशतक लगाया है (तस्वीर: ट्विटर/@ForesayCricket)

MI VS CSK: अजिंक्य रहाणे ने IPL 2023 का सबसे तेज अर्धशतक जमाया, जानिए उनके आंकड़े 

Apr 08, 2023
10:38 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए अपना पहला मैच खेल रहे अजिंक्य रहाणे ने धमाकेदार पारी खेली है। उन्होंने IPL 2023 का सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने 19 गेंद में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले इस सीजन में शार्दुल ठाकुर और जोस बटलर ने 20 गेंद में अर्धशतक लगाए थे। रहाणे ने 27 गेंद में 61 रन की पारी खेली। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

करियर

कैसी रही रहाणे की पारी?

मैच में चेन्नई को पहला झटका बहुत जल्दी लग गया था। डेवोन कॉनवे खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए थे। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए रहाणे ने पहले गेंद से ही आक्रमक क्रिकेट खेली। उन्होंने 27 गेंद का सामना किया और 61 रन जड़ दिए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 225.93 का रहा। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 3 कमाल के छक्के जमाए। उन्होंने रुतुराज गायकवाड के साथ 44 गेंद में 82 रन की साझेदारी निभाई।

प्रदर्शन 

कैसा रहा है रहाणे का IPL करियर?

रहाणे ने IPL में 159 मैच खेले हैं और 31.09 की औसत से 4,135 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 121.51 का रहा है। उन्होंने अपने IPL करियर में 29 अर्धशतक और 2 शतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105 रन रहा है। रहाणे 16 बार IPL में नॉटआउट रहे हैं। उन्होंने 438 चौके और 83 छक्के लगाए हैं। रहाणे ने 3,403 गेंद का सामना किया है। पिछले सीजन रहाणे सिर्फ 7 मैच खेल पाए थे।

रिकॉर्ड

रहाणे ने तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड 

रहाणे चेन्नई के लिए सबसे तेज अर्धशतक जमाने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं। मोईन अली भी 19 गेंद में अर्धशतक लगा चुके हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ ये पारी खेली थी। पहले स्थान पर सुरेश रैना हैं, जिन्होंने 16 गेंद में पंजाब के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। रहाणे ने महेंद्र सिंह धोनी और अंबाती रायडू का रिकॉर्ड तोड़ा है। दोनों चेन्नई के लिए 20-20 गेंद में अर्धशतक लगा चुके हैं।