IPL के प्लेऑफ मैचों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 अब अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर है। इस सीजन का क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस (GT) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा। वहीं, एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स (RR) के सामने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की चुनौती रहने वाली है। इन अहम मैचों में गेंदबाज अपने प्रदर्शन से अंतर पैदा करना चाहेंगे। इस बीच प्लेऑफ मैचों के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गेंदबाजों पर एक नजर डालते हैं।
#1
आकाश मधवाल (5/5 बनाम LSG, 2023)
आकाश मधवाल ने IPL 2023 के एलिमिनेटर मुकाबले में MI से खेलते हुए LSG के खिलाफ घातक गेंदबाजी की थी। मधवाल ने मैच में 3.3 ओवर में 5 रन खर्च करते हुए 5 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया था। यह IPL प्लेऑफ का पहला 5 विकेट हॉल था। मधवाल के प्रदर्शन के कारण ही LSG ने अपने अंतिम 8 विकेट 32 रन के भीतर गंवा दिए थे। MI ने 81 रन से मैच जीता था।
#2
मोहित शर्मा (5/10 बनाम MI, 2023)
IPL 2023 के क्वालीफायर-2 में GT ने मुंबई इंडियंस (MI) को हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया था। GT को 62 रन से मिली बड़ी जीत में तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने केवल 2.2 ओवरों में 10 रन देकर 5 विकेट लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। मोहित ने सूर्यकुमार यादव के रूप में पहला विकेट लिया था। इसके बाद उन्होंने विष्णु विनोद, क्रिस जॉर्डन, पीयूष चावला और कुमार कार्तिकेय को आउट किया था।
#3
डग बोलिंगर (4/13 बनाम DCH, 2010)
IPL 2010 के दूसरे सेमीफाइनल में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने डेक्कन चार्जर्स (DCH) को 38 रन से हराया था। उस मैच में CSK ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 142/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में चार्जर्स की पारी सिर्फ 104 रन पर ही सिमट गई थी। CSK की इस 38 रन की जीत में डग बोलिंगर की अहम भूमिका रही थी। इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने 13 रन देते हुए 4 विकेट अपने नाम किए थे।
#4
धवल कुलकर्णी (4/8 बनाम RCB, 2016)
IPL 2016 के क्वालिफायर-1 मैच में RCB के खिलाफ धवल कुलकर्णी ने गुजरात लायंस (GL) की ओर से खेलते हुए यादगार प्रदर्शन किया था। उन्होंने पावरप्ले के दौरान क्रिस गेल, विराट कोहली और केएल राहुल जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को आउट कर दिया था। धवल ने मैच में 3 ओवर के अपने स्पैल में केवल 8 रन देकर 4 बल्लेबाजों को आउट किया था। हालांकि, GL को उस मैच में 4 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।
#5
जसप्रीत बुमराह (4/14 बनाम DC, 2020)
MI के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अपने प्रदर्शन से मैच में अंतर पैदा कर देते हैं। उन्होंने IPL 2020 के क्वालीफायर-1 मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने उस मैच में 4 ओवर के अपने स्पैल में 14 रन देकर 4 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया था। बुमराह की गेंदबाजी के कारण ही मैच में 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए DC केवल 143/8 का स्कोर ही बना सकी थी।