IPL 2027 से पहले CSK को बड़ा झटका, आयुष म्हात्रे 3 महीने के लिए हुए बाहर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खेमे से एक बुरी खबर सामने आई है। भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान और मुंबई के उपकप्तान आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग की गंभीर चोट के कारण अगले 2 से 3 महीने के लिए क्रिकेट से दूर हो गए हैं। म्हात्रे के दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग का मुंबई में सफल ऑपरेशन किया गया है। ऐसे में उनका उनका क्रिकेट से दूर होना निश्चित हो गया है।
चोटिल
कैसे चोटिल हुए थे म्हात्रे?
19 वर्षीय म्हात्रे को यह चोट 11 अक्टूबर को चंडीगढ़ क्रिकेट टीम के खिलाफ मुंबई क्रिकेट टीम के रणजी ट्रॉफी सीजन के पहले मैच के दौरान लगी थी, जहां रन लेते समय उनकी दाएं हैमस्ट्रिंग में 'ग्रेड-4' का गंभीर टियर आ गया था।
इसके बाद गुरुवार (22 अक्टूबर) को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में मशहूर डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला ने उनका सफल ऑपरेशन किया है। ऑपरेशन के बाद उनकी स्थिति अभी स्थिर ही है।
बयान
BCCI सूत्र ने दिया अहम बयान
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक आधिकारिक सूत्र ने PTI से कहा, "आयुष म्हात्रे का कल मुंबई में ऑपरेशन किया गया। वर्तमान में वे अच्छी तरह से रिकवर कर रहे हैं। उन्हें पूरी तरह से ठीक होने और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने में लगभग 2 से 3 महीने का समय लगने की उम्मीद है। ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है और शुक्रवार सुबह से आयुष ने बैसाखी के सहारे धीरे-धीरे चलना भी शुरू कर दिया है।"
चोट
लगातार चोटों से जूझ रहे हैं म्हात्रे
युवा खिलाड़ी म्हात्रे के लिए पिछला कुछ समय चोटों के लिहाज से बेहद निराशाजनक रहा है।
गौरतलब है कि वह IPL के पिछले सीजन में भी CSK की तरफ से सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ खेलते हुए बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग चोटिल कर बैठे थे।
इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 3 महीने पुनर्वास किया था। ठीक होने के बाद वापसी के पहले ही रणजी मैच में उन्हें दोबारा से नई चोट लग गई।