Page Loader
भुवनेश्वर कुमार के पिता का निधन, लम्बे समय से थे बीमार

भुवनेश्वर कुमार के पिता का निधन, लम्बे समय से थे बीमार

May 20, 2021
08:22 pm

क्या है खबर?

भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के पिता किरन पाल सिंह का गुरुवार को निधन हो गया है। 63 वर्षीय किरनपाल लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और इसके आलावा उन्हें लीवर की गंभीर बीमारी भी थी। भुवनेश्वर के पिता का कुछ समय से नोएडा में इलाज चल रहा था। हालांकि, उन्होंने मेरठ के अपने घर पर अंतिम सांस ली। आइए एक नजर डालते हैं पूरी खबर पर।

जानकारी

पुलिस विभाग से रिटायर्ट थे किरनपाल सिंह

किरनपाल सिंह पुलिस विभाग से रिटायर हो चुके थे। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी नोएडा और दिल्ली में सफल कीमोथेरेपी हुई थी। लेकिन कुछ हफ्ते पहले उनकी हालत बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लीवर की बीमारी के कारण उन्हें पीलिया और अन्य कई बीमारी ने चपेट में ले लिया, जिस कारण से उनका निधन हो गया।

भुवनेश्वर

अपने पिता की देखभाल कर रहे थे भुवनेश्वर

IPL 2021 के स्थगित होने के बाद भुवनेश्वर अपने घर लौट गए थे और अपने परिवार के सदस्यों के साथ पिता की देख-रेख करने लगे। बता दें इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में भुवनेश्वर नहीं चुने गए थे। वह लम्बे समय से टेस्ट क्रिकेट नहीं खेले हैं। भुवनेश्वर ने अपना आखिरी टेस्ट 24-27 जनवरी 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहांसबर्ग में खेला था। उसके बाद से उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट नहीं खेला है।

जानकारी

हाल ही में IPL खेलते दिखे थे भुवनेश्वर

हाल ही में भुवनेश्वर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने इस सीजन में पांच मैचों में 9.10 की इकॉनमी रेट से सिर्फ तीन विकेट लिए थे।

निधन

हाल ही में इन खिलाड़ियों के पिता का भी हुआ निधन

हाल ही में पीयूष चावला और आरपी सिंह के पिता का भी निधन हो गया था। इन दोनों खिलाड़ियों के पिता कोरोना से जंग हार गए थे। IPL 2021 में RR के लिए इसी सीजन अपना डेब्यू करने वाले युवा तेज गेंदबाज चेतन सकारिया के पिता की भी इस खतरनाक वायरस ने जान ले ली है। इससे कुछ महीने पहले सकारिया के भाई ने भी आत्महत्या कर ली थी।