LOADING...
IPL इतिहास में 90-99 के व्यक्तिगत स्कोर के बीच रन आउट होने वाले बल्लेबाज
मिचेल मार्श IPL में 90-99 के स्कोर के बीच रन आउट होने वाले चौथे बल्लेबाज बने हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL इतिहास में 90-99 के व्यक्तिगत स्कोर के बीच रन आउट होने वाले बल्लेबाज

May 16, 2026
06:50 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 59वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बल्लेबाज मिचेल मार्श ने 38 गेंदों में 90 रन की शानदार पारी खेली। वह दुर्भाग्यशाली रहे और महज 10 रन से अपना तीसरा IPL शतक जड़ने से चूक गए। वह निकोलस पूरन के सीधे शॉट पर नॉन स्ट्राइकर छोर पर निराशाजनक अंदाज में रन-आउट होकर पवेलियन लौटे। आइए IPL इतिहास में 90-99 के व्यक्तिगत स्कोर के बीच रन आउट होने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।

#1

मनविंदर बिस्ला - 92 बनाम CSK, 2013

IPL इतिहास में 90-99 के व्यक्तिगत स्कोर के बीच रन आउट होने वाले पहले बल्लेबाज मनविंदर बिस्ला थे। साल 2013 के 38वें मैच में वह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ 92 रन पर रन आउट हुए थे। उन्होंने 61 गेंदों पर 14 चौके और 2 छक्के जड़े थे। उनके आउट होने के बाद KKR की टीम 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 4 विकेट पर 186 रन ही बना पाई।

#2

विराट कोहली - 99 बनाम DD, 2013

सूची में दूसरे बल्लेबाज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के विराट कोहली हैं। साल 2013 के 54वें मैच में वह दिल्ली डेयरडेविल्स (DD) अब दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 99 रन पर रन आउट हुए थे। उन्होंने 58 गेंदों पर 10 चौके और 4 छक्के जड़े थे। हालांकि, उनके आउट होने के बाद RCB की टीम 183/4 का ही स्कोर बना पाई थी। उसके बाद DD की टीम ने 179/7 का स्कोर बनाकर मैच गंवा दिया था।

Advertisement

#3

क्रिस गेल - 96 बनाम KKR, 2015

सूची में तीसरे बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। साल 2015 के 5वें मैच में वह RCB की ओर से KKR के खिलाफ 96 रन पर रन आउट हुए थे। उन्होंने 56 गेंदों पर 7 चौके और 7 छक्के जड़े थे। उनके आउट होने के बाद RCB की टीम ने KKR से मिले 178 रन के लक्ष्य को 19 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया था। इस तरह मुकाबले में RCB को 3 विकेट से जीत मिली थी।

Advertisement

#4

मिचेल मार्श - 90 बनाम CSK, 2026

अब इस सूची में चौथा नाम LSG के सलामी बल्लेबाज मार्श का जुड़ गया है। वह 2026 सीजन के 59वें मैच में CSK के खिलाफ 90 रन पर रन आउट हुए हैं। इससे पहले उन्होंने 38 गेंदों में 9 चौके और 7 छक्के जड़े थे। हालांकि, उनके आउट होने तक LSG की टीम CSK से मिले 188 रन के लक्ष्य के करीब पहुंच गई थी। उसके बाद टीम ने 16.4 ओवर में ही 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

Advertisement