LOADING...
बांग्लादेशी क्रिकेटर नईम हसन को पुलिस ने पीटा, BCB ने की जांच की मांग
नईम हसन को पुलिस ने पीटा (तस्वीर: एक्स/@BCBtigers)

बांग्लादेशी क्रिकेटर नईम हसन को पुलिस ने पीटा, BCB ने की जांच की मांग

Jun 13, 2026
03:28 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाड़ी नईम हसन के साथ पुलिस अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना तब हुई जब वह ढाका प्रीमियर डिवीजन क्रिकेट लीग में अपनी टीम के मैच (जिसमें वह नहीं खेले) के बाद ढाका एयरपोर्ट से घर लौट रहे थे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने इस घटना की निंदा की और निष्पक्ष जांच की मांग की। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

घटना 

पुलिसवालों ने पकड़ा गला

नईम जब एयरपोर्ट से अपने घर लौट रहे थे, तब कुछ पुलिस वालों ने शहर के लालखान बाजार इलाके के पास CNG ऑटो-रिक्शा को रोका जिसमें वह सवार थे। नईम ने बताया कि पुलिस वालों ने उनका गला पकड़ा और फिर दूसरे ऑटो-रिक्शा में धकेलकर पुलिस स्टेशन ले गए। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि वह एक नेशनल क्रिकेटर है, इसके बावजूद पुलिस ने उनकी बात पर कोई ध्यान नहीं दिया।

आरोप 

मुझे बेरहमी से पीटा गया- नईम हसन  

इस घटना के बाद में चटगांव में पत्रकारों से बात करते हुए नईम ने कहा, "मैंने उन्हें बार-बार बताया कि मैं कौन हूं, लेकिन उन्होंने मेरी बात नहीं सुनी। पुलिस ने मुझे लाठियों और प्लास्टिक के पाइपों से बेरहमी से पीटा। बाद में जब मैंने पुलिस स्टेशन में अपनी पहचान बताई, तो इंचार्ज अफसर ने मुझसे कहा कि बात करते समय अपनी नजरें नीचे रखूँ। मैं इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच और न्याय चाहता हूं।"

Advertisement

बयान 

डिप्टी कमिश्नर अमीरुल इस्लाम की ऐसी रही प्रतिक्रिया

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर अमीरुल इस्लाम ने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने द डेली सन को बताया, "शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि ऑपरेशन के दौरान शामिल अधिकारियों ने सही प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि नईम को न्याय मिले और जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसे सजा दी जाएगी।"

Advertisement

BCB 

BCB ने की जांच की मांग

BCB ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा, "बोर्ड खिलाड़ी के साथ किए गए अस्वीकार्य और अनुचित व्यवहार की कड़ी निंदा करता है और इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रहा है। किसी राष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ ऐसा व्यवहार बेहद खेदजनक है और इस पर तुरंत ध्यान देने की ज़रूरत है।" बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने भी नईम के कथित उत्पीड़न में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी

बांग्लादेश से 14 टेस्ट खेल चुके हैं नईम 

दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर नईम ने बांग्लादेश की ओर से 14 टेस्ट मैचों में 28.56 की औसत के साथ 48 विकेट लिए ही हैं। 26 वर्षीय इस खिलाड़ी ने टेस्ट के अलावा अन्य किसी प्रारूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है।

Advertisement