ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टी-20 में बांग्लादेश को हराकर 3-0 से अपने नाम की सीरीज
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने तीसरे टी-20 मैच में बांग्लादेश क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराते हुए सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया। चटगांव में खेले गए मैच में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 108/8 का सामान्य स्कोर बनाया, जिसमें कप्तान तौहीद हृदोय ने नाबाद 61 रन बनाए। जवाब में कंगारू टीम ने महज 11 ओवर में ही 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए इस मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। उसे 36 पर ही 5 झटके लग गए थे। उसके बाद कप्तान हृदोय ने रिशाद हुसैन (16) और अन्य के साथ साझेदारियां करते हुए स्कोर को 108 तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने तेज शुरुआत की। उसने कप्तान मिचेल मार्श (60) की अर्धशतकीय पारी और जोश इंग्लिश (17) की पारी की मदद से महज 11 ओवर में ही 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
प्रदर्शन
मार्श ने बांग्लादेश के खिलाफ जड़ा दूसरा टी-20 अर्धशतक
ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान मार्श ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 14वां और बांग्लादेश टीम के खिलाफ दूसरा ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 23 गेंदों में पूरा किया। वह अपनी पारी में 28 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 60 रन बनाकर आउट हुए। इसके साथ ही उनके अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 88 मैचों में 33.52 की औसत और 142.08 की औसत से 2,313 रन हो गए हैं।
बल्लेबाजी
हृदोय ने जड़ा 7वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक
बांग्लादेश के लिए कप्तान हृदोय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 7वां और कंगारू टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 41 गेंदों में पूरा किया। वह 51 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्कों से 61 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके साथ ही अब उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 62 मैचों में 29.67 की औसत और 125.15 की स्ट्राइक रेट से 1,365 रन हो गए हैं।
गेंदबाजी
कैसी रही ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी?
मैच में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। स्पेंसर जॉनसन ने 4 ओवर में महज 6 रन खर्च करते हुए 2 विकेट चटकाए। नाथन एलिस ने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 और एडम जैम्पा ने 4 ओवर में एक मेडन के साथ 22 रन खर्च करते हुए 2 सफलताएं अर्जित की। इनके अलावा, निखिल चौधरी ने 4 ओवर में 27 रन खर्च करते हुए एक विकेट चटकाया। जोएल डेविस, मैट रेनशॉ और एरोन हार्डी विकेट रहित रहे।
उपलब्धि
ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश की सरजमीं पर जीती पहली टी-20 सीरीज
इस सीरीज जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया के नाम खास उपलब्धि दर्ज हो गई। यह बांग्लादेश की धरती पर उसकी पहली टी-20 सीरीज जीत है और इसमें भी उसने क्लीन स्वीप किया है। दोनों टीमों के बीच बांग्लादेश में पहली टी-20 सीरीज 2021 में खेली गई थी। उस दौरान ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था और मेजबान टीम ने 4-1 से सीरीज पर कब्जा जमाया था। यह सीरीज जीत ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे सीरीज की हार का बदला भी है।