WWDC 2026: ऐपल ने लॉन्च किया iOS 27, आईफोन 11 और नए मॉडल्स को मिलेगा अपडेट
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी ऐपल ने आज (8 जून) WWDC 2026 इवेंट पर आईफोन यूजर्स के लिए अपने बिल्कुल नए ऑपरेटिंग सिस्टम iOS 27 को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस अपडेट में बेहतर प्रदर्शन और नए डिजाइन अनुभव पर खास जोर दिया है। ऐपल के अनुसार, iOS 27 को आईफोन 11 और उसके बाद के सभी समर्थित मॉडल्स में उपलब्ध कराया जाएगा। इस नए वर्जन के साथ कई विजुअल बदलाव और नई सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।
डिजाइन
डिजाइन में मिलेगा नया अनुभव
iOS 27 में लिक्विड ग्लास डिजाइन को और बेहतर बनाया गया है।
अब यूजर्स को एक नया ओपेसिटी स्लाइडर मिलेगा, जिसकी मदद से वे स्क्रीन पर दिखने वाले ग्लासी इफेक्ट को अपनी पसंद के अनुसार कम या ज्यादा कर सकेंगे।
यह फीचर टैब बार और अन्य इंटरफेस एलिमेंट्स पर भी काम करेगा। कंपनी का कहना है कि इससे डिजाइन पहले के मुकाबले अधिक साफ और पढ़ने में आसान हो जाएगा।
सिरी AI
नया सिरी AI बना सबसे बड़ा आकर्षण
iOS 27 का सबसे बड़ा फीचर नया सिरी AI है।
यह ऐपल के फाउंडेशन मॉडल और गूगल जेमिनी तकनीक के साथ काम करेगा। यूजर्स अब सिरी को एक अलग ऐप के रूप में भी इस्तेमाल कर सकेंगे और पुरानी बातचीत देख पाएंगे।
सिरी स्क्रीन पर मौजूद जानकारी को समझकर बेहतर सुझाव दे सकेगा। इसके अलावा, यूजर इसकी आवाज, बोलने की गति, लहजा और उच्चारण को भी अपनी पसंद के अनुसार बदल सकेंगे।
AI फीचर्स
कई ऐप्स में शामिल हुए AI फीचर्स
ऐपल इंटेलिजेंस फीचर्स को सफारी, फोटोज, वॉलेट और शॉर्टकट जैसे कई ऐप्स में जोड़ा गया है।
यूजर्स सामान्य भाषा में कमांड देकर कई काम पूरे कर सकेंगे। फोटोज ऐप में तस्वीरों को एडिट करने और उनके किनारों को बढ़ाने जैसे नए फीचर्स मिलेंगे।
वहीं सफारी वेबसाइटों को विषय के अनुसार समूह में रख सकेगा और किसी वेबसाइट पर नई जानकारी आने पर यूजर को सूचना भी देगा, जिससे काम करना अधिक आसान होगा।
परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस और पैरेंटल कंट्रोल पर जोर
कंपनी के अनुसार, iOS 27 में ऐप्स पहले की तुलना में 30 प्रतिशत तक तेजी से खुलेंगे, जबकि फोटो लोड होने की गति 70 प्रतिशत तक बढ़ गई है।
एयरड्राप ट्रांसफर भी पहले से काफी तेज होंगे। इसके साथ नए पैरेंटल कंट्रोल फीचर्स जोड़े गए हैं, जिनमें स्क्रीन टाइम, समय सीमा और बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर बेहतर नियंत्रण जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
ये फीचर्स परिवारों के लिए अधिक सुरक्षित डिजिटल अनुभव देने में मदद करेंगे।
उपलब्धता
कब मिलेगा iOS 27 अपडेट
ऐपल ने बताया है कि iOS 27 इस साल की तीसरी तिमाही के बाद आईफोन 11 सीरीज और उससे नए समर्थित मॉडल्स के लिए जारी किया जाएगा।
डेवलपर्स को इसका शुरुआती एक्सेस जल्द मिलेगा। वहीं ऐपल इंटेलिजेंस से जुड़े कई नए फीचर्स शुरुआत में चुनिंदा डिवाइस और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होंगे।
कंपनी के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में इन सुविधाओं के लिए यूजर्स को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।