LOADING...
व्हाट्सऐप जल्द ही देगा बिना पढ़े मैसेज का सारांश, जानिए क्या होगा फायदा
व्हाट्सऐप बिना पढ़े मैसेज के लिए सारांश फीचर पेश करने जा रही है

व्हाट्सऐप जल्द ही देगा बिना पढ़े मैसेज का सारांश, जानिए क्या होगा फायदा

Mar 28, 2026
01:57 pm

क्या है खबर?

व्हाट्सऐप एक नए फीचर पर काम कर रहा है, जिससे यूजर्स एक साथ कई बिना पढ़े चैट का निजी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सारांश बना सकेंगे। इस सुविधा का उद्देश्य यूसर्ज को भविष्य में अपनी चैट को जल्दी से पढ़ने में मदद करना है। यह फीचर हाल ही में गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध व्हाट्सऐप के एंड्रॉयड 2.26.12.10 बीटा अपडेट में देखा गया था, लेकिन यह अभी भी विकास के चरण में है और परीक्षण के लिए उपलब्ध नहीं है।

फायदा 

क्या है इस फीचर के फायदे?

इस नई सुविधा से यूजर बिना पढ़े चैट का चयन करने के बाद उनका सारांश देख सकेंगे। इस तरह, वे हर मैसेज पढ़े बिना कई चैट की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा विशेष रूप से एक्टिव ग्रुप चैट के लिए उपयोगी होगी, जहां सभी चैट को पढ़ने में काफी समय लग सकता है। व्हाट्सऐप आधिकारिक लॉन्च से पहले यह स्पष्ट करने पर भी काम कर रहा है कि यूजर सारांश का अनुरोध कैसे कर सकते हैं।

नियंत्रण 

यूजर के हाथ में होगा सारांश का उपयोग करना  

मैसेज सारांश सुविधा मेटा द्वारा विकसित एक सुरक्षित तकनीक, प्राइवेट प्रोसेसिंग पर आधारित है। यह व्हाट्सऐप की AI सुविधाओं को एक निजी वातावरण में डाटा संसाधित करने की अनुमति देती है, जहां मेटा या व्हाट्सऐप सहित कोई भी मूल मैसेज या सारांशों तक नहीं पहुंच सकता है। यह सुविधा वैकल्पिक होगी, यानि सारांश प्राप्त करना है या नहीं यूजर्स पर निर्भर करेगा। इसका उपयोग करने के लिए ऐप सेटिंग्स में जाकर इसे मैनुअल रूप से चालू करना होगा।

Advertisement