व्हाट्सऐप ला रहा कॉन्टैक्ट्स हब फीचर, पता चलेगा कौनसा कॉन्टैक्ट है ऑनलाइन
क्या है खबर?
व्हाट्सऐप कॉन्टैक्ट्स हब नामक एक नए फीचर पर काम कर रहा है, जो यूजर्स को यह दिखाएगा कि उनकी काॅन्टैक्ट लिस्ट में से कौन ऑनलाइन है। इस पहल का उद्देश्य यूजर्स को रियल टाइम में उपलब्ध लोगों से जुड़ने की सुविधा देकर कम्यूनिकेशन को अधिक कुशल बनाना है। इससे उन्हें किसी को ऑनलाइन देखने के लिए एक-एक नंबर को देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह फीचर अभी विकास के चरण में है और बीटा परीक्षण के लिए उपलब्ध नहीं है।
सार्ट
2 तरीकों से सार्ट किए जा सकेंगे नंबर
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के कॉन्टैक्ट्स हब फीचर को ऐप सेटिंग्स में एकीकृत किया जाएगा, जिससे यूजर्स को आपस में बातचीत करने के लिए एक अलग स्थान मिलेगा। यह फीचर ऑनलाइन कॉन्टैक्ट्स की सूची दिखाएगा, जिससे उन्हें नाम या ऑनलाइन स्थिति के आधार पर सॉर्ट किया जा सकेगा। ऑनलाइन स्थिति चुनने पर वर्तमान में एक्टिव काॅन्टैक्ट सबसे ऊपर दिखाई देंगे। उसके बाद ऑफलाइन कॉन्टैक्ट उनके अंतिम बार देखे जाने के समय के अनुसार व्यवस्थित होंगे।
गोपनीयता
बनी रहेगी काॅन्टैक्ट की गोपनीयता
किसी कॉन्टैक्ट ने अपना लास्ट सीन डिसेबल कर रखा है तो वह उस जानकारी के आधार पर सूची में दिखाई नहीं देगा। वह केवल तभी दिखाई देगा, जब वह वर्तमान में ऑनलाइन हो। अगर, किसी कॉन्टैक्ट ने अपनी ऑनलाइन स्थिति भी छिपा रखी है तो वह सूची में बिल्कुल भी दिखाई नहीं देगा। लाइव ऑनलाइन लिस्ट के अलावा, कॉन्टैक्ट्स हब में सबसे ऊपर एक सुझाव सेक्शन भी होगा, जो यूजर्स को अनजान नंबर सेव करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।