LOADING...
स्मार्टफोन खोने पर UPI, आधार और पैन कार्ड की सुरक्षा के लिए तुरंत क्या करें?
अगर फोन खो जाए या चोरी हो जाए, तो तुरंत सही कदम उठाएं (तस्वीर: पिक्साबे)

स्मार्टफोन खोने पर UPI, आधार और पैन कार्ड की सुरक्षा के लिए तुरंत क्या करें?

Feb 05, 2026
06:25 pm

क्या है खबर?

स्मार्टफोन आज के समय में हमारा ऐसा साथी बन गया है, जो हर वक्त हमारे साथ रहता है। इसके बिना आज बैंकिंग, UPI पेमेंट, ईमेल, OTP और जरूरी काम करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अगर फोन खो जाए या चोरी हो जाए, तो खतरा सिर्फ डिवाइस का नहीं रहता, बल्कि आपकी निजी जानकारी और पैसे भी जोखिम में आ जाते हैं। सबसे जरूरी बात यह है कि फोन खोते ही इंतजार न करें और तुरंत सही कदम उठाएं।

#1

सबसे पहले सिम और फोन को कंट्रोल में लें

फोन गायब होते ही पहला काम सिम कार्ड को बंद करवाना होना चाहिए, इसमें बिल्कुल भी देर नहीं करनी चाहिए। इसके लिए मोबाइल कंपनी के कस्टमर केयर से संपर्क करें या नजदीकी स्टोर जाएं। इससे OTP, बैंक अलर्ट और जरूरी मैसेज तुरंत रुक जाएंगे। इसके बाद एंड्रॉयड में 'फाइंड माय डिवाइस' और आईफोन में 'फाइंड माय आईफोन' का इस्तेमाल करें। फोन को दूर से लॉक करें और अगर जगह सुरक्षित न लगे, तो पूरा डाटा मिटा देना बेहतर होता है।

#2

UPI, बैंक और ईमेल तुरंत सुरक्षित करें

अगला जरूरी कदम UPI और बैंक से जुड़ी सभी सेवाओं को तुरंत रोकना होना चाहिए, ताकि किसी तरह का नुकसान न हो। अपने बैंक को फोन कर UPI और मोबाइल बैंकिंग अस्थायी रूप से बंद करवाएं और स्थिति की जानकारी दें। साथ ही जिन UPI ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं, उनमें दूसरे फोन से लॉग इन कर एक्सेस हटाएं। इसके बाद सबसे अहम ईमेल अकाउंट का पासवर्ड बदलें, क्योंकि ईमेल के जरिए बाकी अकाउंट्स तक पहुंच मिल सकती है।

Advertisement

#3

आधार, पैन और पुलिस शिकायत भी जरूरी

फोन खोने के बाद आधार से जुड़ी सेवाओं को भी सुरक्षित करना बेहद जरूरी होता है, जिसे लोग नजरअंदाज कर देते हैं। UIDAI की वेबसाइट पर जाकर अपने बायोमेट्रिक लॉक कर दें, ताकि गलत इस्तेमाल रोका जा सके। पैन से जुड़े किसी भी संदिग्ध इस्तेमाल पर लगातार नजर रखें। अंत में पुलिस में शिकायत जरूर दर्ज कराएं और IMEI नंबर बताएं। बाद में अगर कोई धोखाधड़ी होती है, तो यही शिकायत आपके लिए सबूत और कानूनी सुरक्षा का काम करेगी।

Advertisement