LOADING...
जियो टेलीफ्रेम क्या है? AGM में जियो ने पेश किया नया AI असिस्टेंट
AGM में जियो ने पेश किया नया AI असिस्टेंट

जियो टेलीफ्रेम क्या है? AGM में जियो ने पेश किया नया AI असिस्टेंट

Jun 19, 2026
04:46 pm

क्या है खबर?

रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना आम बैठक (AGM) में जियो ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित नया प्लेटफॉर्म जियो टेलीफ्रेम पेश किया है। कंपनी ने कहा कि यह घर के लिए AI एजेंट्स का एक साझा हब होगा, जहां अलग-अलग डिजिटल सेवाएं एक साथ काम करेंगी। जियो का कहना है कि यह सिस्टम रोजमर्रा के कामों को आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है। कंपनी ने इसे घरों के लिए वॉयस-फर्स्ट और एजेंटिक AI प्लेटफॉर्म बताया है।

खासियत

घर के कामों में मदद करेगा टेलीफ्रेम

जियो के मुताबिक, टेलीफ्रेम मेहमानों की जानकारी, खरीदारी, मनोरंजन और स्मार्ट होम से जुड़े अलग-अलग AI एजेंट्स को एक साथ नियंत्रित करेगा। यूजर्स को अलग-अलग ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे आवाज के जरिए कई काम कर सकेंगे। कंपनी का कहना है कि यह सिस्टम परिवार की पसंद, रोजमर्रा की आदतों और परिस्थितियों को समझकर जरूरत के अनुसार मदद करेगा। यह सेवा भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध कराने की योजना है।

काम

याद दिलाने से लेकर खरीदारी तक करेगा काम

जियो ने डेमो में दिखाया कि टेलीफ्रेम डॉक्टर की अपॉइंटमेंट याद दिलाने, मौसम के अनुसार सलाह देने और त्योहारों की तैयारी में भी मदद कर सकता है। यह परिवार की पसंद के हिसाब से खाने की चीजों का सुझाव दे सकता है, खरीदारी की सूची तैयार कर सकता है और सामान की डिलीवरी से जुड़ी जानकारी भी दे सकता है। कंपनी का कहना है कि इससे कई रोजमर्रा के काम पहले से ज्यादा आसान और व्यवस्थित हो जाएंगे।

Advertisement

सुविधा

मल्टी-फ्रेम व्यूइंग और तेज इंटरनेट की सुविधा

AGM में जियो ने एक बिलकुल नए मल्टी-फ्रेम व्यूइंग फीचर की भी घोषणा की है। इसके तहत जियोहॉटस्टार पर यूजर्स एक साथ चार अलग-अलग शो या लाइव स्ट्रीम देख सकेंगे और अलग-अलग विंडो के ऑडियो के बीच बदलाव कर पाएंगे। कंपनी ने यह भी बताया कि उसका अगली पीढ़ी का जियो होम और जियो एयरफाइबर प्लेटफॉर्म घरों को 5Gbps तक डाउनलोड और 1Gbps तक अपलोड स्पीड देने में सक्षम होगा।

Advertisement