क्या है इनकम टैक्स फाइलिंग ठगी? ऐसे रहें आप इससे सुरक्षित
क्या है खबर?
केंद्र सरकार ने इनकम टैक्स से जुड़े एक फिशिंग स्कैम को लेकर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। बताया गया है कि कुछ फर्जी ईमेल तेजी से फैल रहे हैं, जिनमें इनकम टैक्स रिटर्न में गड़बड़ी या 'कम्प्लायंस गैप' होने का दावा किया जा रहा है। इन ईमेल के जरिए लोगों को डराकर तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहा जा रहा है, जबकि ये सभी मैसेज पूरी तरह फर्जी और भ्रामक हैं।
ठगी
कैसे किया जा रहा है यह साइबर ठगी?
इस तरह के फर्जी ईमेल में यूजर्स को बताया जाता है कि उनकी टैक्स फाइलिंग में बड़ी समस्या है और इसे तुरंत ठीक करना जरूरी है। इसके लिए उन्हें एक लिंक पर क्लिक करने को कहा जाता है। जैसे ही यूजर लिंक खोलता है, उससे बैंक डिटेल्स, पैन नंबर या अन्य जरूरी जानकारी मांगी जाती है। इस तरह साइबर ठग लोगों की निजी और वित्तीय जानकारी चुरा लेते हैं और उनका गलत इस्तेमाल करते हैं।
तरीका
सरकारी नाम का इस्तेमाल कर ठगी
सरकार की फैक्ट चेक यूनिट ने साफ किया है कि इनकम टैक्स विभाग इस तरह के ईमेल नहीं भेजता है। ठग सरकारी एजेंसियों के नाम और लोगो का इस्तेमाल करके मैसेज को असली जैसा दिखाते हैं, जिससे लोग आसानी से झांसे में आ जाते हैं। ये ईमेल अक्सर जल्दी जवाब देने का दबाव बनाते हैं, ताकि लोग बिना सोचे समझे जानकारी शेयर कर दें और ठगी का शिकार बन जाएं।
बचाव
इस ठगी से कैसे रहें सुरक्षित?
सरकार ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी अनजान ईमेल या मैसेज पर तुरंत भरोसा न करें और पहले उसकी जांच जरूर करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें। टैक्स से जुड़ी जानकारी हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या भरोसेमंद स्रोत से ही चेक करें। अगर ऐसा कोई फर्जी मैसेज मिले, तो उसे नजरअंदाज करें और तुरंत संबंधित एजेंसी को रिपोर्ट करें, ताकि नुकसान से बचा जा सके।