LOADING...
टेलीग्राम के ये 5 फीचर्स अब तक नहीं हैं व्हाट्सऐप में उपलब्ध
टेलीग्राम के ये फीचर्स नहीं हैं व्हाट्सऐप में उपलब्ध

टेलीग्राम के ये 5 फीचर्स अब तक नहीं हैं व्हाट्सऐप में उपलब्ध

Jun 18, 2026
07:59 am

क्या है खबर?

टेलीग्राम इन दिनों भारत में काफी चर्चा में है। NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले सरकार ने पेपर लीक और गलत जानकारी के प्रसार को रोकने के लिए 22 जून तक इस प्लेटफॉर्म पर कुछ समय के लिए रोक लगाई है। अब लोग यह सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर टेलीग्राम में ऐसा क्या है, जो इसे दूसरे मैसेजिंग ऐप्स से अलग बनाता है। टेलीग्राम में कुछ ऐसे फीचर्स हैं, जो अब तक व्हाट्सऐप में उपलब्ध नहीं हैं।

#1

बिना मोबाइल नंबर बताए भी कर सकते हैं बातचीत

टेलीग्राम का एक खास फीचर यह है कि यूजर अपना मोबाइल नंबर छिपाकर केवल यूजरनेम के जरिए भी दूसरे लोगों से जुड़ सकते हैं। इससे लोगों को अतिरिक्त प्राइवेसी मिलती है और वे अपनी पहचान सीमित रख सकते हैं। इसके विपरीत, व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू करने के लिए मोबाइल नंबर साझा करना जरूरी होता है। यही वजह है कि टेलीग्राम पर लोग बिना नंबर बताए भी आसानी से नए लोगों या बड़े समुदायों के साथ जुड़ सकते हैं।

#2

मैसेज खुद होंगे गायब

टेलीग्राम में यूजर किसी सीक्रेट चैट के लिए मैसेज मिटने वाला 1 सेकंड का छोटा टाइमर लगा सकते हैं। इसके अलावा, वे पहले से मैसेज शेड्यूल करके तय समय पर भेजने की सुविधा भी पाते हैं। प्लेटफॉर्म चैट को अलग-अलग रंग, थीम और बैकग्राउंड से मनचाहे तरीके से सजाने की सुविधा भी देता है। यही कारण है कि कई लोग इसे सामान्य मैसेजिंग ऐप के बजाय अधिक व्यक्तिगत और सुविधाजनक कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म के रूप में पसंद करते हैं।

Advertisement

#3

बॉट्स और मिनी ऐप्स से बन जाता है छोटा डिजिटल प्लेटफॉर्म

टेलीग्राम केवल मैसेज भेजने तक सीमित नहीं है। इसमें बॉट्स और मिनी ऐप्स का सपोर्ट भी मिलता है, जिनकी मदद से यूजर ग्रुप मैनेज कर सकते हैं, पोल बना सकते हैं, गेम खेल सकते हैं और कई काम अपने आप करवा सकते हैं। कई सेवाओं का इस्तेमाल भी चैट के अंदर ही किया जा सकता है। इस वजह से टेलीग्राम एक साधारण मैसेजिंग ऐप से आगे बढ़कर कई तरह की डिजिटल सुविधाएं देने वाला प्लेटफॉर्म बन जाता है।

Advertisement

#4

बड़े ग्रुप और मैसेज एडिटिंग फीचर बने चर्चा की वजह

टेलीग्राम में दो लाख तक सदस्यों वाले बड़े ग्रुप बनाए जा सकते हैं और बड़ी फाइलें भी साझा की जा सकती हैं। इसके अलावा, एडमिन पुराने मैसेज को मूल टाइमस्टैम्प बनाए रखते हुए भी एडिट कर सकते हैं। यही फीचर इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा में है। सरकार ने टेलीग्राम को 30 जून तक भारत में मैसेज एडिटिंग फीचर बंद रखने का निर्देश दिया है। इस सुविधा का गलत जानकारी फैलाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।

Advertisement