वैज्ञानिकों ने खोजा तंबाकू के पौधे में मांस का स्वाद और रंग बनाने का तरीका
इंपीरियल कॉलेज लंदन के वैज्ञानिकों ने लेट्यूस और तंबाकू के पौधों में मायोग्लोबिन बनाने का तरीका ढूंढ निकाला है।
यह वो प्रोटीन है, जो मांस को उसका लाल रंग और लाजवाब स्वाद देता है। उनके इस नए अविष्कार से प्लांट-बेस्ड मीट अब असली मांस जैसा दिखने और स्वाद में लगने लगेगा।
इतना ही नहीं यह जानवरों को पालने की तुलना में पर्यावरण के लिए कहीं ज्यादा फायदेमंद होगा।
मायोग्लोबिन की पैदावार 3 गुना बढ़ी
वैज्ञानिकों ने इस काम के लिए 'जीन गन' का इस्तेमाल किया। उन्होंने गाय और सूअर के मायोग्लोबिन जीन सीधे पौधों के क्लोरोप्लास्ट (सूरज की रोशनी से खाना बनाने वाला पौधे का हिस्सा) में डाले।
इस तकनीक से मायोग्लोबिन की पैदावार पुरानी विधियों के मुकाबले लगभग 3 गुना ज्यादा मिली। अगर, इस खोज को बड़े पैमाने पर लागू किया जाए तो इसका मतलब है कि हमारे वेजी बर्गर और भी स्वादिष्ट और पौष्टिक बन सकते हैं।
साथ ही, उनका पर्यावरण पर भी बहुत कम बुरा असर पड़ेगा। इससे पानी की खपत कम होगी और ग्रीनहाउस गैसें भी कम निकलेंगी। यह एक ऐसा महत्वपूर्ण कदम है, जो मीट के विकल्पों को और भी ज्यादा आकर्षक और टिकाऊ बनाएगा।