वैज्ञानिकों ने खोजा हवा से पानी निकालने का शानदार तरीका
टेक्सास स्थित यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने हवा से सीधे पानी जमा करने का एक शानदार तरीका खोज निकाला है। उन्होंने सेलुलोज और स्टार्च जैसी प्राकृतिक चीजों से हाइड्रोजेल बनाए हैं।
ये हाइड्रोजेल नमी को अपने अंदर सोख लेते हैं और केवल थोड़ी-सी गर्मी लगभग 60 डिग्री सेल्सियस तापमान मिलते ही पानी छोड़ देते हैं। इस तरह पानी निकालना बेहद आसान और टिकाऊ हो जाता है।
पुरानी तकनीक से ज्यादा बनता है पानी
परीक्षणों से पता चला है कि ये हाइड्रोजेल अपने हर एक किलोग्राम वजन पर हर दिन 14.19 किलोग्राम तक पानी पैदा कर सकते हैं। यह मात्रा पुरानी तकनीकों से कहीं ज्यादा है क्योंकि वे प्रति किलोग्राम, प्रतिदिन केवल एक से 5 लीटर पानी ही निकाल पाती थीं।
इनकी सबसे खास बात यह भी है कि ये जेल आसानी से बायोडिग्रेडेबल (जैव-अपघटनीय) हैं और इन्हें खाने के बचे हुए सामान या पेड़ों की टहनियों जैसी चीजों से भी बनाया जा सकता है।
इसी वजह से ये पर्यावरण के लिहाज से बहुत बेहतर हैं। टीम को उम्मीद है कि यह तकनीक पोर्टेबल वॉटर हार्वेस्टर्स के काम आ सकती है और उन समुदायों की भी मदद कर सकती है, जहां साफ पानी की कमी है।