गूगल के जेमिनी AI के सह-प्रमुख नोआम शजीर ने छोड़ी कंपनी, अब OpenAI में होंगे शामिल
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया के चर्चित वैज्ञानिक और गूगल के इंजीनियरिंग वाइस प्रेसिडेंट नोआम शजीर ने OpenAI में शामिल होने का ऐलान किया है। वह गूगल के जेमिनी AI मॉडल के सह-प्रमुख भी थे। उन्होंने एक्स पोस्ट में जानकारी देते हुए कहा कि वह OpenAI की टीम के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं। शजीर ने गूगल छोड़ने के फैसले को मुश्किल बताया और अपने साथियों के साथ काम करने के अनुभव के लिए उनका धन्यवाद भी किया।
फैसला
गूगल के लिए बड़ा झटका माना जा रहा फैसला
शजीर के OpenAI में जाने की खबर से इंडस्ट्री में इसकी चर्चा शुरू हो गई। कई लोगों ने इसे गूगल के लिए बड़ा झटका बताया है। खास बात यह है कि गूगल ने 2024 में कैरेक्टर AI के साथ 2.7 अरब डॉलर का समझौता किया था, जिसके बाद शजीर कंपनी में वापस आए थे। अब उनकी वापसी के दो साल से भी कम समय बाद गूगल छोड़ने के फैसले ने टेक जगत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
कंपनी
गूगल छोड़कर बनाई थी अपनी AI कंपनी
शजीर ने पहली बार 2021 में गूगल छोड़ा था। उस समय कंपनी ने एक बातचीत करने वाले चैटबॉट को लॉन्च नहीं करने का फैसला किया था, जिसे बनाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्होंने कैरेक्टर AI की सह-स्थापना की, जो बाद में लोकप्रिय AI स्टार्टअप बन गया। 2024 में गूगल ने इस कंपनी की तकनीक का लाइसेंस लेने के लिए समझौता किया और शजीर समेत उनकी टीम के कई सदस्य फिर से गूगल में लौट आए थे।
करियर
आधुनिक AI तकनीक के प्रमुख वैज्ञानिकों में शामिल
48 वर्षीय शजीर गूगल के शुरुआती कर्मचारियों में शामिल रहे हैं और उन्हें आधुनिक AI तकनीक के प्रमुख वैज्ञानिकों में गिना जाता है। वर्ष 2017 में उन्होंने सात अन्य शोधकर्ताओं के साथ मिलकर 'अटेंशन इज़ ऑल यू नीड' नाम का शोध पत्र लिखा था। इसी शोध में ट्रांसफॉर्मर तकनीक की जानकारी दी गई थी, जो आज ChatGPT, जेमिनी और अन्य उन्नत AI सिस्टम की बुनियाद मानी जाती है और AI क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लेकर आई।
चर्चा
सोशल मीडिया पर खूब हुई चर्चा
शजीर की घोषणा के कुछ ही घंटों में उनके पोस्ट को 40 लाख से अधिक बार देखा गया। OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैम ऑल्टमैन ने भी उनका स्वागत करते हुए कहा कि वह लंबे समय से उनके साथ काम करना चाहते थे। वहीं, कई टेक विशेषज्ञों ने कहा कि गूगल द्वारा अरबों डॉलर खर्च कर वापस लाए गए शजीर का इतनी जल्दी कंपनी छोड़ना बेहद असाधारण और चौंकाने वाला घटनाक्रम है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
I’m excited to share that I’ll be joining OpenAI and look forward to working with the exceptional team there.
— Noam Shazeer (@NoamShazeer) June 18, 2026
It was a difficult decision to move on. I’m incredibly proud of the amazing team at Google and everything we’ve built together. It has been an honor and a pleasure to…