मेटा ला रही एंथ्रोपिक और OpenAI की टक्कर में AI एजेंट हैच, जानिए क्या-क्या करेगा काम
क्या है खबर?
मेटा अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट के क्षेत्र में अपनी धाक जमाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए वह एंथ्रोपिक और OpenAI को टक्कर देने के लिए नया AI एजेंट हैच ला रही है। हैच ओपनक्लॉ AI एजेंट टूल का आम लोगों के लिए बनाया गया वर्जन है, जो आपके लिए कार्य कर सकता है। बताया जा रहा है कि कीमत के मामले में यह एजेंट प्रतिद्वंद्वी कंपनियों के शीर्ष मॉडल से काफी किफायती होगा।
कार्य
ये काम करेगा AI एजेंट
द इंफॉर्मेशन की रिपोर्ट के अनुसार, टेस्ट वर्जन से पता चलता है कि हैच यूजर्स को सरल भाषा में कार्यों का वर्णन करने देगा। साथ ही एजेंट कार्यशील सॉफ्टवेयर टूल बनाएगा या कैलेंडर पर इवेंट शेड्यूल करने और यूजर्स की ओर से ईमेल भेजने जैसे कार्य करेगा। बता दें कि हैच का परीक्षण अभी एंथ्रोपिक के क्लाउड सॉनेट मॉडल पर किया जा रहा है, लेकिन लॉन्च होने पर इसके मेटा के म्यूज स्पार्क AI मॉडल पर चलने की उम्मीद है।
कीमत
कितनी हो सकती है हैच के प्लान की कीमत?
मार्क जुकरबर्ग के नेतृत्व वाली कंपनी ने इसके लिए अलग-अलग मूल्य निर्धारण विकल्पों पर चर्चा की है, जिसमें हैच प्लस नामक एक पेड सब्सक्रिप्शन भी शामिल है, जो फ्री वर्जन की तुलना में 5 से 10 गुना अधिक दैनिक क्षमता प्रदान करेगी। रिपोर्ट के अनुसार, मेटा प्रीमियम हैच वर्जन के लिए हर महीने करीब 199 डॉलर (लगभग 19,000 रुपये) तक शुल्क लेने पर विचार कर रही है, जबकि प्रतिद्वंद्वी कंपनियों के प्लान की कीमत 200 डॉलर (करीब 20,000 रुपये) है।