मैकफी ने ट्रैवल फोटो ऑनलाइन शेयर करने वालों को दी चेतावनी
मैकफी ने अपने ट्रैवल फोटो ऑनलाइन शेयर करने वालों के लिए चेतावनी जारी की है। उसने इसको लेकर धोखाधड़ी के एक नए तरीके का खुलासा किया है।
कंप्यूटर सुरक्षा और सॉफ्टवेयर कंपनी के मुताबिक, साइबर अपराधी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर आपकी फोटो को स्कैन करते हैं। इससे उन्हें पता चल जाता है कि आप कहां-कहां गए हैं। फिर वे आपको ऐसे नकली मैसेज भेजते हैं, जो बिल्कुल असली लगते हैं।
ये मैसेज आपके बैंक अकाउंट या क्रेडिट कार्ड में किसी गड़बड़ी की चेतावनी जैसे हो सकते हैं। कंपनी के शोध से यह भी पता चला है कि भले ही आपकी फोटो में कोई खास जानकारी न हो, फिर भी AI उसे ट्रैक कर सकता है। इस वजह से साइबर अपराधियों के लिए आपको अपना निशाना बनाना और भी आसान हो गया है।
बचने के लिए बरतें सतर्कता
मैकफी की सलाह है कि आप अपनी यात्रा की फोटो तब तक ऑनलाइन शेयर न करें, जब तक आप घर वापस न पहुंच जाएं। अपनी पोस्ट्स केवल उन लोगों को दिखाएं, जिन पर आपको पूरा भरोसा हो।
अगर, आपको ऐसे टेक्स्ट मैसेज या ईमेल मिलते हैं, जिनमें आपकी निजी जानकारी मांगी जाती है या तुरंत कुछ करने को कहा जाता है तो बेहद सतर्क रहें।
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। हमेशा अपने बैंक या संबंधित कंपनी से उनके आधिकारिक कॉन्टैक्ट नंबर या वेबसाइट के जरिए संपर्क करके जानकारी की पुष्टि करें।