इंस्टाग्राम पर आएगा नया सब्सक्रिप्शन प्लान, यूजर्स को मिलेंगे ये फीचर्स
क्या है खबर?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अब यूजर्स को एक नया अनुभव देने की तैयारी चल रही है। इसकी पैरेंट कंपनी मेटा 'इंस्टाग्राम प्लस' नाम के एक नए सब्सक्रिप्शन प्लान की टेस्टिंग कर रही है। यह फिलहाल कुछ देशों में सीमित यूजर्स के लिए शुरू किया गया है। इस प्लान के जरिए कंपनी अपने यूजर्स को खास फीचर्स देना चाहती है और साथ ही नए कमाई के तरीकों पर भी काम कर रही है।
विकल्प
स्टोरी को लेकर मिलेंगे नए विकल्प
इस नए प्लान में यूजर्स को स्टोरी से जुड़े कई एडवांस फीचर्स मिलेंगे, जो पहले उपलब्ध नहीं थे। इसमें स्टोरी को 24 घंटे से ज्यादा समय तक रखना, अलग-अलग लोगों के लिए अलग ऑडियंस बनाना और स्टोरी देखने वालों की लिस्ट सर्च करना शामिल है। इसके अलावा, यूजर्स अपनी स्टोरी का प्रीव्यू भी देख सकेंगे, जिससे वे बिना पोस्ट किए पहले ही उसे जांच सकते हैं और बेहतर तरीके से शेयर कर सकते हैं।
फीचर्स
यूजर्स के लिए इंटरैक्टिव फीचर्स
इंस्टाग्राम प्लस में इंटरैक्शन को और मजेदार बनाने के लिए कई सारे नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं। इसमें 'सुपर हार्ट' जैसे खास रिएक्शन शामिल हैं, जिससे यूज़र्स अपनी प्रतिक्रिया अलग तरीके से दे सकेंगे। इसके साथ ही 'स्पॉटलाइट स्टोरी' जैसे फीचर भी दिए जा सकते हैं, जिससे खास स्टोरी को ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सके। इससे यूजर्स का अनुभव और बेहतर होगा और प्लेटफॉर्म पर जुड़ाव भी बढ़ेगा।
योजना
कीमत, ट्रायल और आगे की योजना
इस सब्सक्रिप्शन की कीमत फिलहाल कम रखी गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे इस्तेमाल कर सकें। कुछ देशों में इसकी शुरुआत सस्ते प्लान और एक महीने के फ्री ट्रायल के साथ की गई है। यह प्लान स्नैपचैट+ जैसा माना जा रहा है। कंपनी आगे AI आधारित फीचर्स और नए सब्सक्रिप्शन मॉडल जोड़कर अपनी कमाई बढ़ाने और यूजर्स को बेहतर सुविधा देने की योजना बना रही है।