LOADING...
इंस्टाग्राम एडिट्स ऐप का डेस्कटॉप वर्जन होगा लॉन्च, AI असिस्टेंट भी किया जाएगा शामिल
इंस्टाग्राम एडिट्स ऐप में आने वाले हैं बड़े बदलाव

इंस्टाग्राम एडिट्स ऐप का डेस्कटॉप वर्जन होगा लॉन्च, AI असिस्टेंट भी किया जाएगा शामिल

Jun 12, 2026
03:15 pm

क्या है खबर?

इंस्टाग्राम अपने वीडियो एडिटिंग ऐप एडिट्स में कई नए फीचर जोड़ने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने लॉस एंजिल्स में हुए एक इवेंट के दौरान बताया कि जल्द ही ऐप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) असिस्टेंट और डेस्कटॉप वर्जन लॉन्च किया जाएगा। पिछले साल शुरू किए गए इस ऐप की मदद से यूजर 4K वीडियो रिकॉर्ड और एडिट कर सकते हैं। अब नए फीचर्स के जरिए कंपनी कंटेंट क्रिएटर्स को और बेहतर एडिटिंग और विश्लेषण की सुविधा देना चाहती है।

प्रदर्शन

AI बताएगा कौन सा कंटेंट करेगा बेहतर प्रदर्शन

इंस्टाग्राम का नया AI असिस्टेंट क्रिएटर्स को उनके वीडियो की परफॉर्मेंस समझने में बहुत मदद करेगा। यह व्यूज, ऑडियंस रिटेंशन और दूसरे आंकड़ों का विश्लेषण करके बताएगा कि कौन सा कंटेंट बेहतर चल रहा है और क्यों। इसके अलावा, AI नए कंटेंट आइडिया, ट्रेंडिंग ऑडियो और पिछली पोस्ट के आधार पर सुझाव भी देगा। इससे क्रिएटर्स को अलग-अलग थर्ड पार्टी टूल्स का इस्तेमाल करने की जरूरत कम पड़ सकती है।

एडिटिंग

डेस्कटॉप वर्जन से एडिटिंग होगी आसान

कंपनी ने पुष्टि की है कि एडिट्स का डेस्कटॉप वर्जन भी तैयार किया जा रहा है। इसके आने के बाद क्रिएटर्स बड़ी स्क्रीन पर वीडियो एडिट कर सकेंगे और एडिटिंग पर ज्यादा सटीक नियंत्रण मिलेगा। मोबाइल और डेस्कटॉप के बीच प्रोजेक्ट अपने-आप सिंक होंगे, जिससे यूजर्स के लिए काम करना आसान होगा। इंस्टाग्राम का मानना है कि यह कदम एडिट्स को दूसरे लोकप्रिय वीडियो एडिटिंग प्लेटफॉर्म के मुकाबले और मजबूत बनाएगा।

Advertisement

टूल

यूजर्स को मिलेंगे नए टूल और बेहतर आंकड़े

इंस्टाग्राम ने एडिट्स यूजर्स के लिए नया बीटा टैब भी पेश किया है, जहां लोग नए फीचर पहले इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके साथ ऑडियंस से जुड़े ज्यादा विस्तृत आंकड़े भी उपलब्ध होंगे। क्रिएटर्स यह देख सकेंगे कि उनके फॉलोअर्स किस समय सबसे ज्यादा सक्रिय रहते हैं। कंपनी का दावा है कि एडिट्स से बनाए गए वीडियो का सेव रेट दूसरे वीडियो की तुलना में 10 प्रतिशत और रीशेयर रेट 2 प्रतिशत ज्यादा है।

Advertisement