इंस्टाग्राम हुआ डाउन, दुनियाभर के हजारों यूजर्स परेशान
क्या है खबर?
मेटा के स्वामित्व वाली सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम डाउन होने के कारण हजारों यूजर्स को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार, आज सुबह करीब 07:00 बजे 10,000 से अधिक यूजर्स ने इस आउटेज की समस्या को लेकर रिपोर्ट किया है। यूजर्स ने बताया कि उन्हें इंस्टाग्राम खोलने में दिक्कत आ रही थी और फीड सही तरीके से लोड नहीं हो रही थी, जिससे कई लोग परेशान नजर आए।
समस्या
वेबसाइट और ऐप दोनों पर दिखी दिक्कत
डाउनडिटेक्टर पर दर्ज रिपोर्ट्स के मुताबिक, सबसे ज्यादा समस्या इंस्टाग्राम की वेबसाइट को लेकर सामने आई है। प्लेटफॉर्म के करीब 86 प्रतिशत यूजर्स ने वेबसाइट से जुड़ी परेशानी बताई, जबकि 9 प्रतिशत ने मोबाइल ऐप में दिक्कत की शिकायत की है। वहीं, 4 प्रतिशत यूजर्स को लॉगिन करने में परेशानी हुई। कुछ समय बाद रिपोर्ट की संख्या कम होने लगी, जिससे संकेत मिला कि समस्या धीरे-धीरे ठीक हो रही है।
मैसेज
यूजर्स ने शेयर किया एरर मैसेज
कई यूजर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इंस्टाग्राम से जुड़ा एरर मैसेज शेयर किया। इस मैसेज में लिखा था कि कुछ गड़बड़ हो गई है और टीम इसे ठीक करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इंस्टाग्राम की ओर से आउटेज को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। कई यूजर्स के लिए आउटेज की समस्या ठीक हो गई है, लेकिन कई यूजर्स अभी भी प्लेटफॉर्म का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।