इंस्टाग्राम पोस्ट में हर फोटो पर अलग कैप्शन कैसे लिखें? जानिए आसान तरीका
क्या है खबर?
इंस्टाग्राम ने अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर शुरू किया है, जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। अब कैरोसेल पोस्ट में हर फोटो और वीडियो के लिए अलग-अलग कैप्शन जोड़ा जा सकेगा। पहले पूरे पोस्ट के लिए सिर्फ एक कैप्शन लिखने का विकल्प मिलता था। कंपनी का कहना है कि इस फीचर से स्टोरी बताना, तस्वीरों को समझाना और अलग-अलग स्लाइड का संदर्भ देना पहले के मुकाबले कहीं आसान हो जाएगा।
#1
कैरोसेल पोस्ट बनाकर फीचर चालू करें
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले इंस्टाग्राम खोलें और नया पोस्ट बनाने के लिए 'क्रिएट बटन' पर टैप करें। इसके बाद अपनी पसंद की कई फोटो या वीडियो चुनकर कैरोसेल पोस्ट तैयार करें। कंटेंट चुनने के बाद आप कैप्शन वाले पेज पर पहुंचेंगे। यहां आपको 'मल्टीपल कैप्शन' का विकल्प दिखाई देगा। इस विकल्प को चालू करते ही हर स्लाइड के लिए अलग कैप्शन जोड़ने की सुविधा मिल जाएगी।
#2
हर फोटो और वीडियो पर अलग कैप्शन लिखें
मल्टीपल कैप्शन फीचर चालू करने के बाद इंस्टाग्राम तुरंत आपको पोस्ट के हर फोटो और वीडियो के लिए अलग टेक्स्ट बॉक्स दिखाता है। अब यूजर अपनी जरूरत के अनुसार हर स्लाइड पर अलग जानकारी, विवरण या कहानी लिख सकते हैं। अगर चाहें तो कुछ स्लाइड बिना कैप्शन के भी छोड़ी जा सकती हैं। सभी कैप्शन जोड़ने और जांचने के बाद पोस्ट को सामान्य तरीके से पब्लिश किया जा सकता है।
#3
कंटेंट क्रिएटर्स के लिए क्यों है फायदेमंद
इंस्टाग्राम का यह नया फीचर खासतौर पर कंटेंट क्रिएटर्स, फोटोग्राफर्स, ट्रैवल ब्लॉगर और एजुकेशनल क्रिएटर्स के लिए काफी उपयोगी माना जा रहा है। अब उन्हें पूरी जानकारी एक ही कैप्शन में नहीं लिखनी पड़ेगी। वे हर फोटो के साथ उससे जुड़ी सभी जरुरी औरअलग जानकारी दे सकेंगे। इससे ट्रैवल रीकैप, स्टेप-बाय-स्टेप ट्यूटोरियल, प्रोडक्ट रिव्यू, रेसिपी गाइड और इवेंट हाइलाइट्स जैसी पोस्ट ज्यादा व्यवस्थित, जानकारीपूर्ण और समझने में आसान बन जाएंगी।