व्हाट्सऐप वेब पर मिलेगी ग्रुप कॉलिंग की सुविधा, 32 लोग एक साथ कर सकेंगे बात
क्या है खबर?
मेटा के स्वामित्व वाली मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए नए-नए फीचर्स पेश करती रहती है। अब कंपनी अपने वेब यूजर्स के लिए ग्रुप वॉइस और वीडियो कॉल फीचर पेश कर रही है। इस फीचर की टेस्टिंग फिलहाल कुछ बीटा यूजर्स के साथ की जा रही है। इसके आने के बाद यूजर्स सीधे ब्राउजर से कई लोगों के साथ कॉल कर सकेंगे। इससे व्हाट्सऐप वेब पहले से ज्यादा उपयोगी और सुविधाजनक बनने वाला है।
ग्रुप चैट
ग्रुप चैट से शुरू कर सकेंगे कॉल
नए फीचर के तहत ग्रुप चैट के ऊपर कॉल का आइकन दिखाई देगा। यहां से यूजर्स वॉइस या वीडियो कॉल शुरू कर सकेंगे और यह भी चुन पाएंगे कि किन लोगों को कॉल में शामिल करना है। एक कॉल में अधिकतम 32 लोग जुड़ सकेंगे। अब तक यह सुविधा केवल मोबाइल और डेस्कटॉप ऐप तक सीमित थी। नए अपडेट के बाद व्हाट्सऐप वेब भी इस मामले में ज्यादा सक्षम हो जाएगा।
स्क्रीन शेयरिंग
कॉल लिंक और स्क्रीन शेयरिंग का विकल्प
व्हाट्सऐप वेब पर कॉल लिंक बनाने की सुविधा भी दी जाएगी। यूजर्स लिंक शेयर करके दूसरों को आसानी से कॉल में जोड़ सकेंगे। यह लिंक 30 दिन तक इस्तेमाल न होने पर अपने आप समाप्त हो जाएगा। इसके अलावा, वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन शेयरिंग का फीचर भी मिलेगा। इससे ऑनलाइन मीटिंग, पढ़ाई या किसी दस्तावेज को दिखाना आसान हो जाएगा। यह सुविधा खासतौर पर कामकाजी और प्रोफेशनल यूजर्स के लिए फायदेमंद मानी जा रही है।
सुरक्षा
सुरक्षा पर भी रहेगा पूरा ध्यान
कंपनी ने कहा है कि व्हाट्सऐप वेब पर होने वाली ग्रुप कॉल भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगी। यानी कॉल में शामिल लोगों के अलावा कोई भी बातचीत नहीं सुन सकेगा। व्हाट्सऐप और उसकी पेरेंट कंपनी मेटा भी कॉल की जानकारी नहीं देख पाएंगी। यह फीचर अभी सीमित बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध है। आने वाले समय में इसे सभी यूजर्स तक पहुंचाया जाएगा, हालांकि लॉन्च की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।