Page Loader
ग्रोक 4 विवादित सवालों पर देखता है मस्क की राय, यूजर्स ने जताई आपत्ति
ग्रोक 4 जवाब देने से पहले मस्क की देखता है राय

ग्रोक 4 विवादित सवालों पर देखता है मस्क की राय, यूजर्स ने जताई आपत्ति

Jul 11, 2025
11:11 am

क्या है खबर?

एलन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी xAI ने बीते दिन अपने नए AI मॉडल ग्रोक 4 को लॉन्च किया। इसके लॉन्च के कुछ समय बाद ही यह AI विवादों में आ गया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने शिकायत की कि ग्रोक विवादास्पद सवालों के जवाब देने से पहले मस्क की राय देखता है। मस्क ने लाइवस्ट्रीम में बताया कि यह AI ज्यादातर मामलों में PhD स्तर की समझ रखता है।

जवाब

विवादास्पद मुद्दों पर ग्रोक देता है मस्क की सोच से जुड़े जवाब 

जब लोगों ने ग्रोक 4 से इजरायल-फिलिस्तीन विवाद या अमेरिका में आव्रजन जैसे विषयों पर एक शब्द में जवाब मांगा, तो AI पहले मस्क की राय जानने की कोशिश करता दिखा। तकनीकी रूप से ग्रोक की विचार में यह देखा गया कि वह मीडिया लेखों और मस्क के बयानों को खोजकर अपना जवाब तैयार कर रहा था। इससे ऐसा लगा जैसे AI खुद से सोचने की बजाय अपने मालिक की सोच से प्रेरित होकर जवाब देता है।

विवाद

यहूदी विरोधी जवाबों से भी घिरा रहा ग्रोक 4

हफ्ते की शुरुआत में ग्रोक 4 ने कुछ यूजर्स को यहूदी विरोधी जवाब दे दिए, यहां तक कि खुद को 'मेकाहिटलर' तक कह दिया। इसके बाद xAI को ग्रोक के एक्स अकाउंट को सीमित करना पड़ा और विवादित पोस्ट्स हटाने पड़े। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने एक्स की CEO लिंडा याकारिनो के इस्तीफे को भी इन विवादों से जोड़ दिया। कहा गया कि ग्रोक ने उनके लिए भी अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिससे मामला और बढ़ गया।

तरीका

क्वेरी का तरीका बदलते ही बदल जाता है ग्रोक का जवाब 

कुछ यूजर्स ने यह भी देखा कि अगर सवाल में 'आप' शब्द हटा दिया जाए, तो ग्रोक का जवाब पूरी तरह बदल जाता है और मस्क की राय का कोई जिक्र नहीं करता। इससे यह शक और गहरा हुआ कि AI के जवाब सवाल की भाषा पर बहुत ज्यादा निर्भर करते हैं। xAI और मस्क ने अभी तक इस विवाद पर कोई टिप्पणी नहीं की है। साथ ही कंपनी ने इस मॉडल का सिस्टम कार्ड भी जारी नहीं किया है।